Last Updated:
Indian Economy : ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि दुनिया में तमाम चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था पर ज्यादा असर नहीं पड़ता. इसकी वजह उसका विशाल घरेलू बाजार है, जहां उपभोक्ता और उत्पादक दोनों ही मौजूद हैं. अब विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ने से बाजार में लगातार तेजी भी दिखने लगी है.
भारत की विकास दर आगे भी तेज रहने की संभावना है.
नई दिल्ली. यह तो दुनिया ने देख लिया जब ईरान-अमेरिका युद्ध से यूरोप और ट्रंप का देश झुलस रहा था, तब भी भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी. 7 फीसदी से ऊपर की विकास दर ने यह साबित कर दिया है कि दुनिया के बाजारों में चाहे कुछ भी हो, भारत की ग्रोथ थमने वाली नहीं है. इसका सबसे बड़ा कारण हमारा विशाल घरेलू बाजार है, जो अपने लिए उत्पादन और खपत दोनों की पर्याप्त क्षमता रखता है. अब यह बात एचएसबीसी ग्लोबल इनवेस्टमेंट रिसर्च ने भी कही है. एचएसबीसी ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया कि भारत के फाइनेंशियल बाजार में नवंबर के दौरान व्यापक सुधार देखने को मिला. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, एआई से जुड़े शेयरों में कमजोरी और विदेशी निवेशकों के ताजा इनवेस्ट से बाजार की धारणा मजबूत हुई और भारत में हर तरफ तेज ग्रोथ का माहौल बनता दिख रहा है.
एचएसबीसी ने कहा कि इस सुधार के साथ भारतीय बाजारों ने अन्य उभरते बाजारों के मुकाबले पिछले कुछ महीनों के कमजोर प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है. शेयर, रुपया और सरकारी बॉन्ड सभी में तेजी आई है, जो बाजार की धारणा में जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की प्रवृत्ति की ओर बदलाव का संकेत है. हालांकि, विदेशी ब्रोकरेज कंपनी एचएसबीसी ने इस तेजी को साल 2027 तक बनाए रखने के लिए घरेलू आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में मजबूती और बैंकिंग प्रणाली में नकदी की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया है.
सिस्टम में नकदी होना जरूरी
एचएसबीसी ने कहा है कि बैंकिंग सिस्टम में नकदी सीमित रहने की आशंका है, क्योंकि आरबीआई बढ़ती महंगाई के दबाव में अपनी मौद्रिक नीति को सख्त कर रहा है. ब्रोकरेज कंपनी ने कहा कि भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में आ गया है. भारतीय बाजार साल 2026 के अधिकतर समय में उभरते बाजारों (ईएम) के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन नवंबर में स्थिति बदल गई. इस दौरान भारतीय बाजारों ने शेयर, विदेशी मुद्रा और ब्याज दरों के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया.
नवंबर में ही 13 फीसदी चढ़ा सेंसेक्स
रिपोर्ट के अनुसार, सेंसेक्स में नवंबर में अब तक करीब 13 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. वहीं, रुपया मजबूत होकर आठ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इसने डॉलर के मुकाबले 92.50 के स्तर से नीचे कारोबार किया. इसके अलावा 10 साल के मानक सरकारी बॉन्ड का यील्ड करीब 20 आधार अंक कम हो गया है. बॉन्ड यील्ड में गिरावट को उनकी कीमतों में तेजी का संकेत माना जाता है. यह तेजी ऐसे समय आई है, जब बैंकिंग सिस्टम में नकदी की उपलब्धता पर दबाव बना हुआ है.
बढ़ते निर्यात ने दी कारोबार को मजबूती
एचएसबीसी ने कहा कि शेयर, मुद्रा और बॉन्ड बाजारों में एक साथ सुधार और शेयर एवं ऋण बाजारों के रिटर्न के बीच सकारात्मक संबंध व्यापक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा को दर्शाता है. नवंबर में विदेशी निवेशकों की वापसी बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण रही है. पिछले कुछ वर्षों में घरेलू निवेशकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली के असर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. पिछली तिमाही में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़ा. इससे कारोबार को मजबूती मिली है और लंबे समय में ग्रोथ का रास्ता भी बना है. भारत के पास खुद का विशाल उपभोक्ता बाजार है, जिससे दुनिया की उथल-पुथल का इस पर ज्यादा असर नहीं होता.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

