Thursday, August 27, 2026
Homeबिज़नेसLenskart के शेयरों पर रख‍िए नजर, बड़ा न‍िवेशक बेच रहा ह‍िस्‍सा

Lenskart के शेयरों पर रख‍िए नजर, बड़ा न‍िवेशक बेच रहा ह‍िस्‍सा


Lenskart के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद कंपनी के पुराने निवेशक अब अपना पैसा निकालने में जुट गए हैं. मनीकंट्रोल की र‍िपोर्ट के मुताबिक- कंपनी के प्रमुख निवेशकों में शामिल Alpha Wave Ventures II ने Lenskart के करीब 2.08 करोड़ शेयर बेचने का फैसला किया है. इन शेयरों की बिक्री करीब ₹630 प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर होगी. इस हिसाब से पूरी डील की कीमत करीब ₹1,313 करोड़ यानी 137 मिलियन डॉलर बैठती है.

आखिर Lenskart का इतना बड़ा निवेशक अचानक करोड़ों रुपये के शेयर क्यों बेच रहा है? क्या कंपनी में कुछ गड़बड़ है? तो पहली बात यह Lenskart की ओर से फंड जुटाने की खबर नहीं है. कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं कर रही. Alpha Wave के पास पहले से मौजूद शेयर किसी दूसरे निवेशक को बेचे जा रहे हैं. यानी इस सौदे का पैसा Lenskart को नहीं, बल्कि Alpha Wave को मिलेगा.

कितना पैसा जुटाएगा Alpha Wave?

रिपोर्ट के मुताबिक Alpha Wave Ventures II ने Lenskart के 20.8 मिलियन यानी करीब 2.08 करोड़ शेयर बेचने के लिए ₹630 प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है. अगर पूरी बिक्री इसी कीमत पर होती है तो निवेशक करीब ₹1,313 करोड़ जुटा सकता है. यह हिस्सेदारी Lenskart की कुल इक्विटी का करीब 1.2 फीसदी है. यानी Alpha Wave कंपनी से पूरी तरह बाहर नहीं निकल रहा है, बल्कि अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बाजार में बेच रहा है. इस तरह की बिक्री को बाजार की भाषा में ब्लॉक डील या सेकेंडरी सेल कहा जाता है. इसमें कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचते हैं और कोई दूसरा निवेशक उन्हें खरीदता है.

Lenskart को एक रुपया भी नहीं मिलेगा

यह बात आम निवेशकों के लिए समझना सबसे जरूरी है. अगर खबर पढ़कर आपको लग रहा है कि Lenskart ₹1,300 करोड़ जुटा रही है, तो ऐसा नहीं है. मान लीजिए आपने किसी कंपनी के शेयर ₹100 में खरीदे और कुछ साल बाद उनकी कीमत ₹600 हो गई. अब आप अपने शेयर किसी दूसरे व्यक्ति को ₹600 में बेच देते हैं. इस सौदे से मिलने वाला पैसा आपको मिलेगा, कंपनी को नहीं.

Lenskart के मामले में भी यही हो रहा है. Alpha Wave अपने शेयर बेच रहा है, इसलिए बिक्री की रकम उसके पास जाएगी. Lenskart के कारोबार या बैंक बैलेंस में इस डील से सीधे कोई ₹1,300 करोड़ नहीं जुड़ने वाला.

Alpha Wave शेयर क्यों बेच रहा है?

Alpha Wave जैसे निवेशक आमतौर पर कंपनियों में शुरुआती दौर में पैसा लगाते हैं. जब कंपनी तेजी से बढ़ती है, IPO आता है और शेयर बाजार में कारोबार शुरू होता है तो निवेशक अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचकर निवेश से रिटर्न हासिल करते हैं.

यानी इसे एक तरह से पुराने निवेशक का पैसा निकालना समझ सकते हैं. निवेशक अगर पूरी हिस्सेदारी बेचता तो इसे बड़ा एग्जिट माना जाता. लेकिन यहां वह करीब 1.2 फीसदी हिस्सा बेच रहा है, इसलिए इसे आंशिक हिस्सेदारी बिक्री कहना ज्यादा सही होगा.

यह पहली बार नहीं है जब Alpha Wave ने Lenskart के शेयर बेचे. Alpha Wave पहले भी Lenskart में अपनी हिस्सेदारी कम कर चुका है. मई 2026 में भी इस निवेशक ने करीब 2.46 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की खबर आई थी. उस बिक्री के बाद भी उसके पास कंपनी में अच्छी-खासी हिस्सेदारी बनी हुई थी.

अब एक बार फिर करीब 1.2 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी है. इससे यह जरूर पता चलता है कि Alpha Wave धीरे-धीरे Lenskart में अपने पुराने निवेश का कुछ हिस्सा मॉनिटाइज यानी नकदी में बदल रहा है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments