Last Updated:
NPS Tatkal : पीएफआरडीए ने एनपीएस तत्काल नाम से सुविधा शुरू की है. इसके जरिये आप भीम ऐप या फोनपे पर अपना एनपीएस खाता खोल सकते हैं. इसमें आपको टीयर-1 और टीयर-2 दोनों ही तरह के खाते खोलने की सुविधा मिलती है. इन खातों के आधार पर आप अपने मिनिमम निवेश की शुरुआत कर सकते हैं.
पीएफआरडीए ने भीम ऐप और फोनपे पर एनपीएस तत्काल सर्विस शुरू की है.
नई दिल्ली. नेशनल पेंशन सिस्टम को अब सिर्फ सरकारी कर्मचारियों तक ही सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसमें प्राइवेट सेक्टर के कमर्चारी, कारोबारी यहां तक कि बच्चों के नाम खाता खुलवाने की सुविधा भी मिलने लगी है. अब तो खाता खोलना भी इतना आसान हो गया है कि आप घर बैठे महज तीन स्टेप में अपना एनपीएस अकाउंट खोल सकते हैं. पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने आसानी से खाता खोलने के लिए एनपीएस तत्काल (NPS Tatkal) नाम की सुविधा शुरू की है. यह सुविधा फोनपे और भीम ऐप जैसे प्लेटफॉर्म पर भी मिलनी शुरू हो गई है.
पीएफआरडीए ने 6 अक्टूबर से यह सुविधा शुरू की है, जिसके बाद अकाउंट खोलना काफी आसान हो गया है. एनपीएस तत्काल सर्विस में डिजिटल, पेपरलेस तरीके से खाता खोला जा सकता है. अगर आप भी एनपीएस तत्काल के जरिये अपना खाता खोलना चाहते हैं तो इसकी स्टेप बाई स्टेप जानकारी होना जरूरी है. साथ ही यह जानना भी जरूरी है कि इस खाते को कौन खोल सकता है और इसमें निवेश करने की मिनिमम वैल्यू कितनी है.
2 से 3 करोड़ नए खाते खुलेंगे
पीएफआरडीए ने 6 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में बताया कि तत्काल एनपीएस अब भीम और फोनपे पर शुरू हो चुका है. पीएफआरडीए के चेयरपर्सन एस रमन ने बताया कि अगर आप एक टैप से पेमेंट कर सकते हैं तो अब एक टैप से आपका रिटायरमेंट प्लान भी शुरू हो जाएगा. उन्होंने अनुमान लगाया कि एनपीएस तत्काल सर्विस के जरिये अगले दो साल के भीतर ही 2 से 3 करोड़ नए खाताधारकों के जुड़ने का अनुमान है. उनका दावा है कि यह सुविधा काफी तेजी से लोकप्रिय हो सकती है.
यूपीआई से कैसे खोल सकते हैं खाता
पीएफआरडीए ने बताया है कि एनपीएस तत्काल के जरिये खाता खोलने के लिए अब सिर्फ 3 स्टेप फॉलो करने होंगे. 18 से 85 साल के बीच का कोई भी भारतीय नागरिक यह खाता खोल सकता है. आपको बस तीन काम करने होंगे.
- अपना भीम यूपीआई या फोनपे ऐप खोलें.
- फिर अपनी डिटेल डालें और अपने बैंक खाते का चुनाव करें.
- इसके बाद आप यूपीआई के जरिये इसमें निवेश की शुरुआत कर सकते हैं.
- खाता खोलने के लिए जरूरी है कि आपके बैंक अकाउंट की ई-केवाईसी कराई गई हो.
- खाता खोलने के बाद परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर (PRAN) जेनरेट हो जाता है.
कितने रुपये से निवेश की शुरुआत
एनपीएस तत्काल के तहत निवेश की शुरुआत कितने रुपये से की जा सकती है, यह अकाउंट के प्रकार पर निर्भर करता है. आप टीयर-1 या टीयर-2 खाता खोल रहे हैं तो दोनों में मिनिमम निवेश का दायरा अलग-अलग होगा. अगर आपने टीयर-1 खाता खोला है तो इसमें मिनिमम 500 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है. हालांकि, अगर आपके पास टीयर-1 खाता पहले से है और सिर्फ टीयर-2 अकाउंट खोलते हैं तो इसमें मिनिमम 250 रुपये से निवेश की शुरुआत की जा सकती है.
6 बैंकों के ग्राहक खोल सकते हैं खाता
पीएफआरडीए ने एनपीएस तत्काल की सुविधा फिलहाल 6 बैंकों के खाताधारकों के लिए शुरू की है. अगर आपके पास भी इन 6 बैंकों का अकाउंट है तो भीम ऐप या फोनपे के जरिये अपना एनपीएस खाता खोल सकते हैं. इन बैंकों में एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक शामिल हैं. आप पहले अपने बैंक खाते को भीम ऐप या फोनपे से जोड़ सकते हैं और फिर अपना एनपीएस खाता खोलने के लिए तैयार होंगे.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

