Karnataka CM News Live Updates: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस के बीच सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर ली है. इस्तीफे के बाद हुई इस बैठक को कांग्रेस के भीतर नए सत्ता समीकरण तय करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. राज्यपाल थावर चंद गहलोत उनका इस्तीफा स्वीकार कर चुके हैं और नई व्यवस्था होने तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा गया है. वहीं डीके शिवकुमार भी दिल्ली पहुंच चुके हैं, जिससे कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
कांग्रेस नेता और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राहुल गांधी और सिद्धारमैया की मुलाकात को “बेहद सौहार्दपूर्ण” बताया. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई, हालांकि ज्यादा जानकारी देने से उन्होंने इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया इस्तीफे के बाद कर्नाटक भवन की बजाय दिल्ली में एक निजी स्थान पर ठहरे हुए हैं. वहीं डीके शिवकुमार की भी कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी हुई है.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक शनिवार को बेंगलुरु में होने की संभावना है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा और फैसला हो सकता है. पार्टी के भीतर डीके शिवकुमार के नाम को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं, जबकि सिद्धारमैया ने साफ किया है कि वह कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय बने रहेंगे. कांग्रेस नेतृत्व अब राज्य में सत्ता और संगठन के बीच संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रहा है.
Karnataka CM News Live Updates: प्रियंक खड़गे को डिप्टी CM बनाने की मांग तेज
Karnataka CM News Live: कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच कलबुर्गी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रियंक खड़गे को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की. कोरंती हनुमान मंदिर में समर्थकों ने 101 नारियल फोड़कर प्रियंक खड़गे के राजनीतिक भविष्य और बड़ी जिम्मेदारी के लिए प्रार्थना की. यह आयोजन मुख्य रूप से मडिगा समुदाय के युवा समर्थकों द्वारा किया गया. समर्थकों का कहना है कि प्रियंक खड़गे ने कलबुर्गी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाई है और उन्हें राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए. कलबुर्गी और चित्तापुर के कई मंदिरों में भी इसी तरह की विशेष पूजा की गई. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कांग्रेस के भीतर नई कैबिनेट और अहम पदों को लेकर लगातार मंथन जारी है.
Karnataka CM News Live Updates: जयराम रमेश ने की सिद्धारमैया की जमकर तारीफ
Karnataka CM News Live: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन की सराहना करते हुए उन्हें पिछले चार दशकों के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक बताया है. उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया द्वारा पेश किए गए 17 राज्य बजट ‘उल्लेखनीय और प्रभावशाली’ रहे हैं. जयराम रमेश ने सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को मजबूत करने में उनकी भूमिका की भी प्रशंसा की. जयराम रमेश ने कहा कि सिद्धारमैया ने प्रशासनिक अनुभव के साथ तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को हमेशा प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि उनके भाषणों और राजनीतिक हस्तक्षेपों का कर्नाटक की राजनीति पर गहरा असर पड़ा है. कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया में जिस गरिमा के साथ सिद्धारमैया ने भाग लिया, उससे उनका राजनीतिक कद और बढ़ा है.
Karnataka CM News Live: शपथ ग्रहण की तारीख पर ज्योतिषीय सलाह भी अहम!
Karnataka CM News Live Updates: सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक में नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. डीके शिवकुमार के करीबी सूत्रों का दावा है कि रविवार और सोमवार शाम समेत 2-3 संभावित तारीखों पर विचार किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि दिल्ली से लौटने के बाद डीके शिवकुमार शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण की तारीख और समय पर अंतिम फैसला ले सकते हैं.
Karnataka CM News Live Updates: सिद्धारमैया की तारीफ में बोले डीके शिवकुमार
Karnataka CM News Live: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया की राजनीतिक विरासत की जमकर सराहना की है. एक्स पर पोस्ट करते हुए शिवकुमार ने उन्हें कर्नाटक की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और सफल नेताओं में से एक बताया. उन्होंने कहा कि मैसूर जिले के एक गांव से निकलकर दो बार मुख्यमंत्री बनने तक का सिद्धारमैया का सफर सामाजिक न्याय और गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है. शिवकुमार ने कहा कि पिछले कई वर्षों से कांग्रेस संगठन में उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद महत्वपूर्ण रहा है और आने वाले समय में भी उनका मार्गदर्शन पार्टी और राज्य के लिए अहम रहेगा.
Karnataka CM News Live: राहुल गांधी को सिद्धारमैया ने सौंपी मांगों की सूची
Karnataka CM News Live Updates: कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान अपनी कुछ मांगों की सूची सौंपी है. बताया जा रहा है कि इन मांगों पर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच चर्चा हो सकती है, क्योंकि पार्टी नई सरकार के गठन और सत्ता संतुलन पर मंथन कर रही है. सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया ने इस दौरान अपने बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया की भी राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात कराई.
Karnataka CM News Live: सिद्धारमैया की तारीफ में बोले खड़गे
Karnataka CM News Live Updates: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया की राजनीतिक यात्रा और सार्वजनिक जीवन की सराहना की है. एक्स पर पोस्ट करते हुए खड़गे ने कहा कि सिद्धारमैया ने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम किया. उन्होंने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर दो बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने के बावजूद सिद्धारमैया ने अपनी विचारधारा और सामाजिक सौहार्द के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखी. खड़गे ने कांग्रेस पार्टी और कर्नाटक की जनता की ओर से उनके योगदान के लिए आभार जताते हुए आगे के सार्वजनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं.
Karnataka CM News Live Updates: खड़गे से भी मिले सिद्धारमैया
Karnataka CM News Live: राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी दिल्ली में मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक इस दौरान कर्नाटक के मौजूदा राजनीतिक हालात, नए नेतृत्व और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया की लगातार हो रही बैठकों को कांग्रेस के भीतर सत्ता संतुलन और नए समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
Karnataka CM News Live: राहुल गांधी-सिद्धारमैया की मुलाकात पर बोले सुरजेवाला
Karnataka CM News Live Updates: कांग्रेस नेता और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को पुष्टि की कि सिद्धारमैया ने दिल्ली में 10 जनपथ पर राहुल गांधी से मुलाकात की. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि यह बेहद सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी और दोनों नेताओं के बीच कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि उन्होंने इससे ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया.
Karnataka CM News Live Updates: कर्नाटक में सत्ता समीकरणों के बीच केपीसीसी अध्यक्ष पद पर भी खींचतान
Karnataka CM News Live: कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली ने कथित तौर पर मंत्री पद के साथ-साथ कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) अध्यक्ष पद पर भी दावा ठोका है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक सत्ता और संगठन में संतुलन बनाने को लेकर कांग्रेस के भीतर लगातार मंथन चल रहा है.
Karnataka CM News Live: सिद्धारमैया के इस्तीफे पर बोले भूपेश बघेल
Karnataka CM News Live Updates: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पार्टी हाईकमान के फैसले का समर्थन किया है. रायपुर में पत्रकारों से बातचीत में बघेल ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हाईकमान का फैसला अंतिम होता है और कोई भी नेता उस पर सवाल नहीं उठाता. उन्होंने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देती है, उसे निभाना ही उनका काम है. भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह नफरत और झूठ फैलाने का काम करती है. उन्होंने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे तब भी उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाती थीं. बघेल ने कहा कि उन्होंने हमेशा यही कहा कि जिस दिन कांग्रेस नेतृत्व उनसे इस्तीफा मांगेगा, वह तुरंत पद छोड़ देंगे.
Karnataka CM News Live Updates: राहुल गांधी से जल्द मुलाकात करेंगे सिद्धारमैया
Karnataka CM News Live: कर्नाटक की सियासत के बीच सिद्धारमैया जल्द ही दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं. इस बैठक को राज्य के नए नेतृत्व और आगे की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
Karnataka CM News Live: राहुल गांधी से आज होगी अहम बैठक
Karnataka CM News Live Updates: सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया, रणदीप सिंह सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल की आज सुबह 9 बजे 10 जनपथ पर राहुल गांधी के साथ अहम बैठक होगी. वहीं डीके शिवकुमार भी दिन में दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं, हालांकि उनका समय अभी तय नहीं हुआ है. कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल बेंगलुरु में होने की संभावना जताई जा रही है.
Karnataka CM News Live Updates: इस्तीफे के बाद कर्नाटक भवन से दूर रहे सिद्धारमैया
Karnataka CM News Live: मुख्यमंत्री कार्यालय सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया दिल्ली में एक निजी संपत्ति में ठहरे हुए हैं और फिलहाल कर्नाटक भवन का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. उनके इस फैसले को कर्नाटक की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अहम माना जा रहा है.
Karnataka CM News Live: कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे सिद्धारमैया
Karnataka CM News Live Updates: कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ ही मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया है. हालांकि, नई व्यवस्था होने तक उन्होंने सिद्धारमैया से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर काम जारी रखने को कहा है.
Karnataka CM News Live Updates: राज्यपाल ने स्वीकार किया सिद्धारमैया का इस्तीफा
Karnataka CM News Live: कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है. सिद्धारमैया ने गुरुवार को राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसे एक दिन बाद मंजूरी दे दी गई. इस बीच खबर है कि सिद्धारमैया की मुलाकात राहुल गांधी से आज सुबह 9 बजे होगी.
Karnataka CM News Live: कर्नाटक में सियासी हलचल के बीच दिल्ली पहुंचे डीके शिवकुमार
Karnataka CM News Live Updates: कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंच गए हैं. वह राजधानी के चाणक्यपुरी स्थित कर्नाटक भवन पहुंचे. सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीति में तेजी से घटनाक्रम बदल रहे हैं और इसी बीच डीके शिवकुमार की दिल्ली एंट्री को काफी अहम माना जा रहा है.
Karnataka CM News Live Updates: खराब मौसम के बीच दिल्ली पहुंचे सिद्धारमैया
Karnataka CM News Live: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शुक्रवार को आखिरकार दिल्ली पहुंच गए। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण उनका विशेष विमान पहले जयपुर डायवर्ट किया गया था। बाद में मौसम सामान्य होने पर वह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे। उनके साथ बेटे यतींद्र सिद्धारमैया और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद रहे।
Karnataka CM News Live: भावुक भाषण में हाईकमान का जताया आभार
Karnataka CM News Live Updates: इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धारमैया भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि संविधान उनका धर्म है और जनता उनके लिए देवता समान है. उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें दो बार मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला. साथ ही उन्होंने नए नेतृत्व को संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने की अपील भी की.
Karnataka CM News Live Updates: डी.के. शिवकुमार के सामने कई राजनीतिक चुनौतियां
Karnataka CM News Live: नए मुख्यमंत्री के तौर पर डी.के. शिवकुमार के सामने आसान रास्ता नहीं होगा. कांग्रेस के अंदर लिंगायत और क्षेत्रीय संतुलन को लेकर कई तरह की आवाजें उठ रही हैं. पार्टी को डर है कि अगर सामाजिक समीकरण बिगड़े तो विपक्ष इसका बड़ा राजनीतिक फायदा उठा सकता है. ऐसे में शिवकुमार को सरकार और संगठन दोनों स्तर पर संतुलन बनाकर चलना होगा. सिद्धारमैया की मौजूदगी भी उनके लिए दबाव का कारण बन सकती है.
Karnataka CM News Live: राहुल गांधी से मुलाकात पर टिकी कांग्रेस की नजर
Karnataka CM News Live Updates: इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया की राहुल गांधी से मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है. कांग्रेस हाईकमान सत्ता परिवर्तन के बाद किसी भी तरह की अंदरूनी नाराजगी को खुलकर सामने नहीं आने देना चाहता. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में नए नेतृत्व, संगठन संतुलन और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हो सकती है. कांग्रेस के भीतर यह भी माना जा रहा है कि सिद्धारमैया का समर्थन नए मुख्यमंत्री के लिए बेहद जरूरी रहेगा.

