Last Updated:
L&T Q1 Results : चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एलएंडटी के मुनाफे और रेवेन्यू में वृद्धि हुई है. कंपनी की ऑर्डर बुक भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. एलएंडटी शेयर साल 2026 में अब तक लाल निशान में ही है. बढिया नतीजों के बाद यह शेयर अब फोकस में रहेगा.
साल 2026 में अब तक एलएंडटी का शेयर सुस्त ही रहा है.
नई दिल्ली. देश की दिग्गज इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे आज शेयर बाजार बंद होने के बाद घोषित किए. पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर 14% बढ़कर ₹4,123 करोड़ पर पहुंच गया है. पिछले साल यह समान तिमाही में ₹3,617 करोड़ था. पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद घरेलू बाजार में मिली मजबूती से कंपनी अपनी कमाई बढ़ाने में सफल रही. पहली तिमाही में L&T का ऑपरेशंस से राजस्व 7% बढ़कर ₹67,942 करोड़ रहा.
साल 2026 में अब तक एलएंडटी का शेयर सुस्त ही रहा है और अब तक यह 7% टूट चुका है. हालांकि, आज इस शेयर में हल्की तेजी देखी गई और यह 3830 रुपये पर बंद हुआ. घरेलू बाजार के दमदार प्रदर्शन और ₹7.8 लाख करोड़ की रिकॉर्ड ऑर्डर बुक को देखते हुए अब निवेशकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह शेयर सुस्ती तोड़कर दौड़ता है या नहीं.
खूब मिले अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर्स
एलएंडटी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ₹1,08,014 करोड़ के नए ऑर्डर हासिल किए. ये पिछले साल से 14% ज्यादा हैं. कुल ऑर्डर्स में से 52% ऑर्डर अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले. फिलहाल कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक ₹7.8 लाख करोड़ हो चुकी है, जिसमें 56% हिस्सा विदेशी प्रोजेक्ट्स का है.
इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन एनर्जी ने दिया सहारा
पहली तिमाही के दौरान L&T के पारंपरिक ऊर्जा सेगमेंट के ऑर्डरों में करीब 90% की गिरावट आई. लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर, यूटिलिटी, रियल एस्टेट और फेरस मेटल प्रोजेक्ट्स में मिले दोगुने ऑर्डरों इस गिरावट की भरपाई कर दी. कंपनी के ग्रीन एनर्जी बिजनेस ने भी रफ्तार दिखाई. इस सेगमेंट के ऑर्डरों में 58% का उछाल आया. कंपनी को रेजिडेंशियल-कमर्शियल बिल्डिंग्स, ट्रांसपोर्टेशन, हेवी इंजीनियरिंग और ऑफशोर विंड प्रोजेक्ट्स में बड़े ठेके मिले हैं.

