Monday, September 7, 2026
Homeबिज़नेसTata Motors JLR में छंटनी, 4000 नौकरियों पर संकट, कंपनी क्यों कर...

Tata Motors JLR में छंटनी, 4000 नौकरियों पर संकट, कंपनी क्यों कर रही कटौती?


टाटा मोटर्स अपनी लग्जरी कार यूनिट Jaguar Land Rover (JLR) ब्रिटेन में करीब 4,000 नौकरियां कम करने जा रही है. यानी कंपनी में काम करने वाले हर 8-9 लोगों में से करीब एक की नौकरी पर असर पड़ सकता है. वजह कारों की कमजोर बिक्री, बढ़ता खर्च, अमेरिका का टैरिफ और चीन की कार कंपनियों की बढ़ती चुनौती है.

JLR के ब्रिटेन में करीब 34,000 कर्मचारी हैं. कंपनी ने फिलहाल वेतनभोगी और मैनेजमेंट स्टाफ के लिए वॉलंटरी रिडंडेंसी स्कीम शुरू की है. आसान भाषा में कहें तो कंपनी कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के बदले पैकेज देने का रास्ता अपना रही है. हालांकि, इसका सबसे बड़ा असर कार बनाने वाले कर्मचारियों पर पड़ने की उम्मीद नहीं है. मैनेजमेंट, ऑफिस और रिसर्च से जुड़े लोगों पर ज्यादा असर पड़ सकता है.

आखिर JLR को इतनी नौकरियां क्यों घटानी पड़ रही हैं?

इसके पीछे सिर्फ एक वजह नहीं है. दुनिया भर में कार कंपनियों के लिए माहौल तेजी से बदल रहा है. ग्राहक इलेक्ट्रिक कारों की तरफ जा रहे हैं और चीन की कंपनियां कम कीमत में नए-नए इलेक्ट्रिक मॉडल लेकर बाजार में उतर रही हैं.

दूसरी तरफ JLR जैसी लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी के लिए लागत पहले से ही ज्यादा है. अमेरिका के टैरिफ ने भी मुश्किल बढ़ा दी है. यानी एक तरफ कार बेचने का दबाव है और दूसरी तरफ कार बनाने और दुनिया भर में बेचने का खर्च बढ़ रहा है. इसका असर कंपनी के मुनाफे पर भी साफ दिख रहा है.

कमाई गिरी तो मुनाफे को भी लगा झटका

जून 2026 में खत्म हुई तिमाही में JLR का रेवेन्यू करीब 9.6 फीसदी गिरकर £6 अरब रह गया. लेकिन असली झटका मुनाफे में लगा. कंपनी का प्री-टैक्स प्रॉफिट दो-तिहाई से ज्यादा गिरकर सिर्फ £109 मिलियन रह गया. यानी कंपनी अरबों पाउंड का कारोबार तो कर रही है, लेकिन उसके हाथ में बचने वाला पैसा तेजी से कम हो रहा है.

21,700 करोड़ बचाने की तैयारी

JLR अगले दो साल में करीब 21,700 करोड़ की लागत कम करना चाहती है. नौकरियों में कटौती इसी प्लान का हिस्सा है. कंपनी का एक और लक्ष्य है कि उसका ब्रेक-ईवन पॉइंट करीब 3 लाख गाड़ियों तक आ जाए. मतलब कंपनी को मुनाफे में आने के लिए पहले जितनी कारें बेचनी पड़ती थीं, अब उससे कम कारें बेचकर भी खर्च निकाल सके. इसके लिए कंपनी अपने कामकाज को छोटा और कम खर्च वाला बनाने में जुटी है.

कटौती के साथ इन्‍वेस्‍टमेंट भी

एक तरफ JLR हजारों लोगों की नौकरियां कम कर रही है, दूसरी तरफ कंपनी भविष्य की कारों पर पैसा खर्च करना बंद नहीं कर रही. खासकर इलेक्ट्रिक व्हीकल और नई तकनीक पर कंपनी का निवेश जारी रहेगा. दरअसल JLR समझ चुकी है कि आने वाले समय में सिर्फ पेट्रोल-डीजल वाली लग्जरी कारों के भरोसे कारोबार चलाना मुश्किल होगा. ग्राहक बदल रहे हैं, टेक्नोलॉजी बदल रही है और चीन की कंपनियां इलेक्ट्रिक कारों में तेजी से आगे बढ़ रही हैं. इसलिए कंपनी अभी खर्च काटकर पैसा बचाना चाहती है, ताकि वही पैसा आगे की तकनीक और इलेक्ट्रिक कारों में लगाया जा सके.

Tata Motors के लिए क्यों अहम है JLR?

JLR सिर्फ ब्रिटेन की कोई आम कार कंपनी नहीं है. यह Tata Motors के ग्लोबल कारोबार का बेहद अहम हिस्सा है. Jaguar और Land Rover जैसे प्रीमियम ब्रांड पूरी दुनिया में अपनी पहचान रखते हैं. अगले दो साल JLR के लिए बेहद अहम होने वाले हैं. कंपनी को तय करना है कि खर्च कहां काटना है, कहां पैसा लगाना है और सबसे बड़ी बात कम कार बेचकर भी ज्यादा पैसा कैसे कमाना है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments