Friday, June 26, 2026
Homeबॉलीवुड'Welcome To The Jungle' Public Review: जयपुर में 'वेलकम टू द जंगल'...

‘Welcome To The Jungle’ Public Review: जयपुर में ‘वेलकम टू द जंगल’ का धमाल


Last Updated:

‘Welcome To The Jungle’ Public Review: कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों के लिए इस हफ्ते सिनेमाघरों में खास तोहफा आया है. वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है. 32 कलाकारों वाली इस मल्टीस्टारर फिल्म को जयपुर के दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म देखकर बाहर निकले ज्यादातर लोगों ने अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्हें स्क्रीन पर करीब 20 साल पुराने अक्षय कुमार की झलक देखने को मिली. दर्शकों का मानना है कि बड़ी स्टारकास्ट होने के बावजूद फिल्म की जान अक्षय कुमार ही हैं. सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार भी अपने अंदाज में मनोरंजन करते नजर आते हैं. परिवार के साथ देखने लायक इस फिल्म को कई दर्शकों ने 4 से 5 स्टार तक दिए हैं, जबकि वीकेंड पर जयपुर के कई शो हाउसफुल चल रहे हैं.

जयपुर. हर शुक्रवार फिल्म प्रेमियों के लिए खास होता है, क्योंकि इस दिन पर्दे पर एक नई फिल्म देखने को मिलती है. वैसे तो बॉलीवुड में मल्टीस्टारर फिल्में खूब बनती हैं, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनके पोस्टर, टीजर और ट्रेलर से ही जबरदस्त चर्चा शुरू हो जाती है और दर्शक उनकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार करने लगते हैं. ऐसी ही फिल्मों में शामिल वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त ‘वेलकम टू द जंगल’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई है.

यह फिल्म बॉलीवुड की अन्य फिल्मों से इसलिए भी अलग है क्योंकि इसमें एक साथ 32 कलाकार नजर आ रहे हैं. इससे पहले शायद ही किसी बॉलीवुड फिल्म में इतनी बड़ी स्टारकास्ट देखने को मिली हो. लोकल-18 ने जयपुर के सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखकर बाहर निकले दर्शकों से बातचीत की तो ज्यादातर लोगों ने इसे काफी पसंद किया. फिल्म देखकर आए दर्शक राहुल ने बताया कि वेलकम फ्रेंचाइजी की फिल्मों में हमेशा अच्छी कॉमेडी देखने को मिलती है और इस फिल्म में भी भरपूर कॉमेडी है. उनका कहना है कि अक्षय कुमार ने सबसे शानदार काम किया है और पूरी फिल्म परिवार के साथ बैठकर देखने लायक है, क्योंकि हर कलाकार ने अपने किरदार को अच्छे ढंग से निभाया है.

अक्षय कुमार हैं कॉमेडी के असली खिलाड़ी 
लोकल-18 से बातचीत में दर्शकों ने कहा कि फिल्म में लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट जरूर है, लेकिन पूरी फिल्म काफी हद तक अक्षय कुमार के कंधों पर टिकी नजर आती है. फिल्म में उनकी वही पुरानी कॉमिक टाइमिंग और मजेदार अंदाज देखने को मिलता है, जिसे दर्शक लंबे समय से पसंद करते आए हैं. अक्षय कुमार अन्य कलाकारों के साथ मिलकर कॉमेडी का स्तर बनाए रखते हैं, जिससे फिल्म लगातार मनोरंजन करती है.

याद आ गए 20 साल पुराने अक्षय कुमार
दर्शकों का कहना है कि पूरी फिल्म में सबसे ज्यादा हंसाने का काम अक्षय कुमार ने किया है. लगभग हर कलाकार के साथ उनकी बेहतरीन कॉमिक केमिस्ट्री दिखाई देती है. उनकी कॉमेडी का अंदाज वैसा ही लगता है जैसा वह करीब 20 साल पहले अपनी फिल्मों में किया करते थे. फिल्म में उन्हें सबसे ज्यादा स्क्रीन टाइम मिला है और उन्होंने अपने किरदार को प्रभावी ढंग से पेश किया है. फिल्म देखकर निकले ज्यादातर दर्शकों ने इसे 4 से 5 स्टार तक की रेटिंग दी है. दर्शकों में बड़ी संख्या परिवार के साथ फिल्म देखने वालों की रही, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, क्योंकि फिल्म में किसी तरह की अश्लीलता नहीं है.

इन दिग्गज कलाकारों से सजी हैं वेलकम टू द जंगल
‘वेलकम टू द जंगल’ देखते समय ऐसा महसूस होता है मानो किसी अवॉर्ड शो में बॉलीवुड के तमाम कॉमेडी कलाकार एक साथ मौजूद हों. फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ समेत कई जाने-माने कलाकार नजर आते हैं. सभी ने अपने-अपने कॉमेडी अंदाज के मुताबिक अच्छा काम किया है.

कैसी है यह फिल्म?
दर्शकों का कहना है कि फिल्म की कहानी काफी सरल है. इसमें एक फिल्म की शूटिंग के दौरान होने वाली घटनाओं को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है. कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों के लिए यह फिल्म अच्छी पसंद साबित हो सकती है. फिलहाल जयपुर में ‘वेलकम टू द जंगल’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वीकेंड के चलते कई शो हाउसफुल चल रहे हैं और एडवांस बुकिंग भी लगातार हो रही है.

About the Author

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments