Last Updated:
Agra Famous Dahi Puri Chaat: आगरा सिर्फ ताजमहल के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खास चाट के लिए भी पहचान रखता है, जिसमें स्पेशल दही पूड़ी चाट देशी और विदेशी पर्यटकों को खूब पसंद आ रही है. यह चाट कुरकुरी पूड़ी, आलू, दही, चटनी और मसालों के मिश्रण से तैयार की जाती है, जिसे आंगन रेस्टोरेंट में खास तरीके से बनाया जाता है.
आगरा: उत्तर प्रदेश का आगरा सिर्फ ताजमहल और ऐतिहासिक इमारतों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खास खान-पान के लिए भी देशभर में पहचान रखता है. यहां की चाट का स्वाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ आगरा घूमने आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों को भी खूब पसंद आ रहा है. खास तौर पर दही पूड़ी चाट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. दही पूड़ी चाट में कुरकुरी पूड़ी के अंदर आलू और अन्य मसालों का स्वादिष्ट मिश्रण भरा जाता है. इसके बाद ऊपर से गाढ़ा दही, मीठी इमली की चटनी, हरी चटनी, सेव और मसालों की हल्की परत डाली जाती है. दही की ठंडक और चटनी के खट्टे-मीठे स्वाद के साथ कुरकुरी पूड़ी का मेल इसे खास बना देता है.
चाट विक्रेता ने बताया कि ताजमहल देखने आने वाले कई पर्यटक आगरा के स्थानीय स्वाद को भी जरूर आजमाना चाहते हैं. ऐसे में दही पूड़ी उनके लिए स्वाद का नया अनुभव बन रही है. कई पर्यटक चाट की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा करते हैं. आगरा की चाट में स्थानीय मसालों और पारंपरिक स्वाद की झलक मिलती है. यही वजह है कि ताजमहल के दीदार के साथ आगरा की दही पूड़ी चाट भी पर्यटकों की पसंदीदा फूड लिस्ट में शामिल होती जा रही है.
घर की बनी खट्टी-मीठी सोंठ का रहता है मिश्रण
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित आंगन रेस्टोरेंट में मिलने वाली स्पेशल दही पूड़ी चाट इन दिनों लोगों को खूब पसंद आ रही है. रेस्टोरेंट के संचालक संतोष कुमार बघेल ने बताया कि इस चाट को खास तरीके से तैयार किया जाता है, ताकि हर बाइट में आगरा के चटपटे स्वाद का अहसास हो. उन्होंने बताया कि सबसे पहले कुरकुरी पूड़ी में उबले आलू डाले जाते हैं. इसके बाद घर पर तैयार की गई इमली की खट्टी-मीठी सोंठ, ताजा दही और ऊपर से सेव नमकीन डाला जाता है. चाट का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें उनके खास सीक्रेट मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. खट्टी-मीठी सोंठ, ठंडे दही, मसालेदार आलू और कुरकुरी पूड़ी का कॉम्बिनेशन इसे खास बनाता है. रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहक इस चाट को काफी पसंद कर रहे हैं.
विदेशी पर्यटकों को भी आ रही है पसंद
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित आंगन रेस्टोरेंट के संचालक संतोष कुमार बघेल ने बताया कि उनके यहां मिलने वाली स्पेशल दही पूड़ी चाट को हर उम्र के लोग काफी पसंद कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्राहकों में महिलाओं के बीच इस चाट की खास मांग है. चाट का खट्टा-मीठा स्वाद और कुरकुरी पूड़ी लोगों को खूब पसंद आती है.
संतोष कुमार बघेल ने बताया कि रेस्टोरेंट में आगरा घूमने आने वाले देशी पर्यटक भी इस चाट का स्वाद लेना पसंद करते हैं. खास बात यह है कि विदेशी पर्यटकों के बीच भी दही पूड़ी चाट को लेकर काफी उत्साह देखने को मिलता है. कई पर्यटक आगरा के पारंपरिक स्वाद को जानने के लिए स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हैं. ऐसे में दही पूड़ी चाट पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण बनती जा रही है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें

