शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए ये नया हफ्ता कई सारे मौके लेकर आने वाला है. 16 से 21 सितंबर के बीच मेनबोर्ड पर 5 कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा NSE IPO की है, जिसका इश्यू करीब ₹22,561 करोड़ का है. इसके अलावा Hero Motors, Jindal Supreme, SS Retail और SonaSelection India भी बाजार में एंट्री करेंगी.
खास बात यह है कि इन सभी IPO में रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट खरीदने की रकम लगभग ₹14,000-15,000 के बीच है. यानी छोटे निवेशक भी अपने हिसाब से इनमें बोली लगा सकते हैं. हालांकि, IPO में पैसा लगाने से पहले कंपनी का कारोबार, फाइनेंशियल परफॉर्मेंस और रिस्क जरूर समझना चाहिए.
NSE IPO सबसे बड़ा मौका
अगले हफ्ते का सबसे बड़ा IPO NSE का होगा. इसका इश्यू 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा. कंपनी ने प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 रखा है. एक लॉट में 8 शेयर होंगे. यानी अपर प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए ₹14,280 की जरूरत होगी. यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है. यानी इससे मिलने वाला पैसा कंपनी के पास नया कारोबार बढ़ाने के लिए नहीं जाएगा, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे.
Hero Motors आईपीओ में सब्सक्रिप्शन का मौका
Hero Motors का IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा. इसका प्राइस बैंड ₹79-84 है. एक लॉट में 178 शेयर हैं. इस हिसाब से अपर बैंड पर निवेश की न्यूनतम रकम ₹14,952 होगी. कंपनी ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए पावरट्रेन और इंजीनियरिंग से जुड़े समाधान तैयार करती है. IPO के जरिए कंपनी करीब ₹1,000 करोड़ जुटाने की तैयारी में है.
Jindal Supreme और SS Retail भी लाइन में
Jindal Supreme का IPO भी 16 से 18 सितंबर तक खुलेगा. इसका प्राइस बैंड ₹88-93 और लॉट साइज 161 शेयर है. एक लॉट के लिए मैक्सिमम ₹14,973 लगाने होंगे. कंपनी स्टील पाइप, ट्यूब और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोडक्ट्स बनाती है. वहीं, SS Retail का IPO भी 16 सितंबर को खुलेगा. इसका इश्यू 18 सितंबर को बंद होगा. प्राइस बैंड ₹403-424 और लॉट साइज 35 शेयर है. अपर बैंड पर एक लॉट के लिए ₹14,840 की जरूरत होगी. कंपनी मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और इलेक्ट्रॉनिक सामान की रिटेल बिक्री से जुड़ी है.
सोना सेलेक्शन IPO भी खुलेगा
सोना सेलेक्शन इंडिया आईपीओ (SonaSelection India) का IPO 17 सितंबर से खुलेगा 21 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन का मौका है. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड ₹94-99 रखा है. एक लॉट में 150 शेयर होंगे. अपर बैंड पर रिटेल निवेशक को ₹14,850 लगाने होंगे. कंपनी इस इश्यू से करीब ₹142 करोड़ जुटाने का प्लान बना रही है. यह पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का है.
SME IPO भी बढ़ाएंगे हलचल
मेनबोर्ड कंपनियों के अलावा SME सेगमेंट में भी 6 IPO आने वाले हैं. इनमें Axiom Gas Engineering, Kheria Autocomp, Spectra Technology Solutions, Quanto Agroworld, Shakti Polytarp और Vama Wovenfab शामिल हैं. इस तरह अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में कुल 11 नए IPO निवेशकों के सामने होंगे. हालांकि, SME IPO में रिस्क और शेयरों की ट्रेडिंग से जुड़ी लीमिट्स अलग हो सकती हैं.
(Disclaimer: यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशिक की गई है. यदि आप इनमें से किसी भी शेयर में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)

