Last Updated:
Shatrughan Sinha Emotional Remembering Dev Anand: म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के मंच पर भावुक हुए शत्रुघ्न सिन्हा! दिग्गज अभिनेता ने सुनाया देव आनंद से जुड़ा वो यादगार किस्सा, जब एक लंबे डायलॉग के बाद खुद देव साहब ने उनके लिए सेट पर सबसे जोर से ताली बजाई थी और दी थी करियर की सबसे बड़ी सीख. जानिए क्या थी वो अनमोल सलाह!
देव आनंद को याद कर भावुक हुए शत्रुघ्न सिन्हा
दिल्ली: म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के मंच पर जल्द ही गुजरे जमाने की कुछ बेहद खूबसूरत यादें ताजा होने वाली हैं. दरअसल शो के आने वाले एपिसोड में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा मेहमान बनकर पहुंचने वाले हैं. यहां उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता देव आनंद से जुड़ा एक ऐसा भावुक किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया.
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि देव साहब सिर्फ एक बड़े स्टार नहीं थे, बल्कि उन्होंने एक मेंटर की तरह उनके करियर को संवारा था.
जब देव साहब ने दिया पहला ब्रेक
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि उनके फिल्मी सफर की शुरुआत देव साहब के आशीर्वाद से ही हुई थी. देव आनंद ने उन्हें अपनी फिल्म ‘प्रेम पुजारी’ में एक छोटा सा रोल दिया था. यह वही फिल्म है जिसमें मशहूर गाना ‘फूलों के रंग से, दिल की कलम से’ फिल्माया गया था. फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा को एक पाकिस्तानी अफसर का किरदार निभाना था. रोल भले ही छोटा था, लेकिन जैसे ही उन्होंने सेट पर अपना पहला डायलॉग बोला, वहाँ मौजूद सभी लोगों ने उनके लिए जमकर तालियां बजाईं.
देव आनंद की वो अनमोल सलाह
शत्रुघ्न सिन्हा की तारीफ तो बहुत हुई, लेकिन उसी समय देव आनंद धीरे से उनके पास आए. उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर के सामने शत्रुघ्न सिन्हा को जीवन भर काम आने वाली एक बहुत ही अनमोल सलाह दी. देव साहब ने उनसे कहा कि किसी बड़े कलाकार से प्रभावित होना, उससे सीखना और उसकी एनर्जी को अपनाना बहुत अच्छी बात है, लेकिन कभी किसी की नकल मत करो. कैमरे के सामने हमेशा अपनी खुद की ओरिजिनैलिटी यानी अपना असली अंदाज बनाए रखो.
खुद देव साहब ने बजाई सबसे जोर से ताली
देव आनंद की यह बात युवा शत्रुघ्न सिन्हा के दिल में उतर गई. इसके बाद जब वो अगला शॉट देने गए, जिसमें एक बहुत लंबा डायलॉग बोलना था, तो उन्होंने किसी की नकल किए बिना बिल्कुल अपने अंदाज में परफॉर्म किया. शॉट खत्म होते ही जो हुआ उसने शत्रुघ्न सिन्हा का दिन बना दिया. सेट पर सबसे आगे आकर जिसके हाथ सबसे जोर से और सबसे पहले ताली बजाने के लिए उठे, वो खुद देव आनंद थे. देव साहब उनका काम देखकर उस दिन बेहद खुश हुए थे. इसके बाद देव आनंद ने उन्हें अपनी अगली फिल्म ‘गैंबलर’ में भी एक छोटा लेकिन दमदार रोल ऑफर किया था.
About the Author

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें

