सनी गुप्ता, संभल2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभल पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये के मामले में दो आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद ये आरोपी थाईलैंड से भारत लौटे थे। एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि यह गिरफ्तारी गुरुवार को हुई, जब दिल्ली के शालिमार बाग में एक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया गया।
यह रैकेट ‘BOB777’ नामक फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम कर रहा था, जिसकी शाखाएँ भारत के कई हिस्सों में फैली हुई थीं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी जनता के फर्जी बैंक खाते खुलवाकर उनमें सट्टेबाजी का पैसा जमा करते थे और आपस में बांटते थे। पुलिस से बचने के लिए, वे पूर्व में जेल जा चुके दीपक सिंह की मदद से आधार कार्ड में पते बदलकर नए फर्जी आधार कार्ड बनवाते थे। इन फर्जी आधार कार्डों पर सिम कार्ड आवंटित करवाए जाते थे, जिन्हें फिर अवैध खातों से जोड़ा जाता था। इसका उद्देश्य पुलिस की पकड़ से बचना था।

शालिमार बाग फ्रेंचाइजी के मालिक जय कक्कड़ और आदित्य गुप्ता थे, जबकि इंगित कोहली इसका मैनेजर था। चंदौसी निवासी इंगित कोहली, जो अब पंचकुला, हरियाणा में रहता है, इस अवैध सट्टेबाजी का संचालन कर रहा था। मुकेश कक्कड़ अवैध रूप से प्राप्त सिम का उपयोग कर इन खातों की निगरानी करता था और बड़ी मात्रा में नकदी का लेनदेन करता था।
पूर्व में जेल जा चुकी तान्या उर्फ तन्नू तलवार ‘NINA’ नामक गेमिंग पैनल चलाती थी। अजय ‘KING’ पैनल और सार्थक ‘EDDY BOOK’ का संचालन करते थे। अंकित भी अपने ‘ACE BOOK’ पैनल के तहत अवैध खातों और नंबरों से ग्रुप चलाकर ऑनलाइन गेमिंग ऐप के नाम पर धन प्राप्त करता था।
एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि इस मामले में 700 फर्जी बैंक खातों को फ्रीज किया है, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है। मुकेश कक्कड़ और उसके बेटे के साले अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है है। दोनों भारत से बाहर थे और दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही संभल पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने यह भी बताया कि ये लोग ‘लोन माफ कराने’ के बहाने फर्जी बैंक खाते खुलवाते थे।

