जयपुर शहर के करबला इलाके में मंगलवार रात एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कार से आग की लपटें उठती देख पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पंप कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह थी कि आग की चपेट में आई कार से महज 20 मीटर की दूरी पर पेट्रोल से भरा टैंकर खड़ा था। ऐसे में आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि पंप कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया। यहां देखें हादसे के फोटोज सीसीटीवी में कैद हुआ घटनाक्रम घटना मंगलवार रात करीब 10:45 बजे की है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आग लगने के बाद का घटनाक्रम कैद हो गया। फुटेज में नजर आ रहा है कि कार में आग लगते ही कुछ लोग घबराकर मौके से दूर जाते दिखाई दिए। वहीं कुछ युवक ऐसे भी थे, जो अपनी जान की परवाह किए बिना मदद के लिए आगे आए। पंप कर्मचारियों ने फायर सिलेंडर लेकर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं आग बुझने के बाद कार सवार ड्राइवर गाड़ी को अन्य गाड़ी से टोचिंग कर मौके से रवाना हो गया। कार रामगढ़ मोड़ होते हुए जयसिंहपुरा खोर की ओर जा रही थी। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं कार में अचानक आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के दौरान पेट्रोल टैंकर पास खड़ा होने के कारण बड़ा खतरा पैदा हो गया था, लेकिन कर्मचारियों की तत्परता से स्थिति नियंत्रित हो गई।
Source link

