Wednesday, May 13, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशजलसंकट: दो वार्ड की चार कॉलोनियों में सड़क पर उतरे लोग-...

जलसंकट: दो वार्ड की चार कॉलोनियों में सड़क पर उतरे लोग- मटके फोड़े, नारेबाजी, चक्काजाम; टैंकर और टंकियों से पानी चोरी के आरोप – Bhopal News


शहर में जलसंकट बढ़ता जा रहा है। कई वार्डों में लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा। पार्षदों तक को जरूरत के अनुसार टैंकर उपलब्ध नहीं हो रहे। कई क्षेत्रों में आरोप हैं कि टैंकर राजनीतिक पदाधिकारियों, विशेषकर मंडल अध्यक्षों के कहने पर ही भेजे जा रहे हैं

.

स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई पार्षदों को सोशल मीडिया स्टेटस पर लिखना पड़ रहा है कि संबंधित टंकी पूरी तरह नहीं भर पाई है, इसलिए जल वितरण प्रभावित रहेगा। लोग यह भी आरोप लगा रहे हैं कि टैंकर भरकर दूसरी कॉलोनियों में भेजे जा रहे हैं। पानी बेचने के आरोप भी रहवासी लगा रहे हैं। उधर, निगम का दावा है कि टैंकरों से वार्डों में पानी की सप्लाय नियमित की जा रही है।

त्रिवेणी टंकी से पानी डायवर्ट करने का आरोप, लोगों का प्रदर्शन

मंगलवार को वार्ड 45 के विकास नगर इलाके में त्रिवेणी टंकी से जुड़े क्षेत्रों में पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने सड़क पर चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने खाली मटके फोड़े और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास पार्षद सोनिला मिमरोट के साथ रहवासी सड़क पर बैठ गए।

सभी ने हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव व नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि इंटर-कनेक्शन के जरिए पानी नेहरू नगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे कई इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया है और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

आरोप है कि बैरवा धर्मशाला के पास कालका माता मंदिर के सामने नेहरू नगर के 20 मकानों के लिए नई लाइन जोड़ दी गई। रूपेश यादव नगर में विनोद आटा चक्की के पास और रुस्तम का बगीचा क्षेत्र में भी अवैध कनेक्शन किए गए हैं। इससे कई घरों में पानी का दबाव कम हो गया है।

आनंद फार्म और सहकार नगर में भी पानी की समस्या वार्ड 80 में कैट रोड स्थित आनंद फार्म और सहकार नगर के रहवासी भी गंभीर जलसंकट से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है उन्हें एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है। वह भी कम मात्रा में। जब इस समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद और एमआईसी सदस्य प्रशांत बड़वे से चर्चा की तो उन्होंने पानी उपलब्ध कराने में असमर्थता जता दी।

जल विभाग के प्रभारी बबलू शर्मा पर भी लोगों को टालने के आरोप लगाए हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार आनंद फार्म गेट चौराहा स्थित पानी की टंकी से निगम के 25-25 हजार लीटर क्षमता वाले दो टैंकर प्रतिदिन अन्य क्षेत्रों में भेजे जा रहे हैं। शिकायत क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा तक पहुंची।

आरोप है कि विधायक की मौजूदगी में भी कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। रहवासियों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि राजेंद्र नगर क्षेत्र में प्रतिदिन पानी सप्लाय की जा रही है, जबकि आनंद फार्म और सहकार नगर में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है।

15 को कांग्रेस जोन कार्यालयों पर प्रदर्शन करेगी शहर में जलसंकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता 15 मई को जोन कार्यालय और निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि सुबह 9 बजे एकसाथ जोन कार्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। सुबह 11 बजे मुख्यालय पर अपर आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, टंकियां नहीं भर रही हैं। टैंकर्स की एक या दो ट्रिप लग रही है। पानी कहां से भरेंगे, हाईड्रेंट में पानी नहीं है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments