झांसी के मऊरानीपुर में कार ने ऑटो में टक्कर मारी, घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस
झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर कार सवार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो की मौत हो गई। वहीं, छह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाई लेकिन समय पर एम्बुलेंस नहीं आ सकी। इसके बाद घायलों को लोडर मे
.
दरअसल, झांसी की मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के नेशनल हाइवे पर ऑटो में सवार 8 लोग नजदीक के गांव खरकामाफ जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बड़ागांव तिराहा के पास ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसमें बैठी सवारी हवा में उछलकर रोड पर गिर गईं। यहां मौके का फायदा उठाकर कार सवार वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने भीषण एक्सीडेंट देखा तो तुरंत पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस को कॉल की लेकिन एम्बुलेंस को आने में देर हो रही थी। इसके बाद पुलिस निजी वाहन से ही सभी आठ घायलों को लेकर मऊरानीपुर के सामुदायिक स्वादथ्य केंद्र पहुंची। जहां 60 साल की हरकुंवर को डॉक्टर ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान 60 साल के बाबूलाल की भी मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 6 लोगों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
कार चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
ऑटो में टक्कर मारने वाले कार चालक का कोई सुराग अबतक नहीं लग सका है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो तेज रफ्तार में आ रही कार ने ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसमें सवार 4 सवारियां ऑटो के साथ 10 फीट तक हवा में उछल गईं। वहीं, कुछ सवारी बुरी तरह घिसटते हुए जख्मी हो गईं। बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह उसका नंबर तक नहीं देख सके। वहीं, अब पुलिस हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कार चालक का पता लगाने में जुटी है।
चार की क्षमता वाले ऑटो में बैठे थे आठ लोग
कार की टक्कर लगने से दो लोगों की जहां मौत हो गई तो छह अभी भी जिंदगी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। लेकिन यहां लोगों ने यातयात नियम को दरकिनार कर अपनी जान जोखिम में भी डालने का काम किया है। सीएनजी से चलने वाले जिस ऑटो में 4 सवारी बैठने की क्षमता होती है, उसमें आठ सवारियां बैठी थीं। ऐसे में दुर्घटना की संभवना और बढ़ गई।

