डीडवाना के राजकीय खेल स्टेडियम में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में गणपति रॉकिंग स्टार झुंझुनू ने जयपुर टाइगर्स गंगानगर को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 16 टीमों ने भाग लिया था। फाइनल मुकाबले में जयपुर टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 127 रन बनाए और ऑलआउट हो गई। जवाब में, गणपति रॉकिंग स्टार की टीम ने 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 128 रन बनाकर मैच जीत लिया। झुंझुनू टीम के खिलाड़ी सौरभ को फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से भी सम्मानित किया गया। समापन समारोह में समाज के पदाधिकारियों और अतिथियों ने विजेता तथा उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्हें ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह और नकद पुरस्कार के चेक प्रदान किए गए। प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले समाज के बुजुर्गों, वरिष्ठजनों और भामाशाहों को भी दुपट्टा एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के विभिन्न जिलों और उपखंडों से मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन खेल भावना के साथ हुआ, जिससे समाजजनों में संतोष का माहौल देखा गया।
Source link

