Wednesday, August 19, 2026
Homeखेलटेनिस जगत में मचा हड़कंप, कोकीन जांच में पॉजिटिव पाए गए निक...

टेनिस जगत में मचा हड़कंप, कोकीन जांच में पॉजिटिव पाए गए निक किर्गियोस; हुए सस्पेंड


निक किर्गियोस को कोकीन टेस्ट पॉजिटिव पाए जाने के कारण अस्थायी रूप से टेनिस से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की।

ऑस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने बुधवार को खुलासा किया कि उनका कोकीन टेस्ट पॉजिटिव आया है और उन्हें अस्थायी रूप से टेनिस से निलंबित कर दिया गया है। किर्गियोस 2022 विंबलडन के एकल फाइनल में नोवाक जोकोविच से हारकर उप विजेता रहे थे। 31 वर्षीय किर्गियोस लगातार चोटों के कारण विश्व रैंकिंग में अभी 919वें स्थान पर काबिज है।

मैंने बहुत बड़ी गलती की

किर्गियोस ने सोशल मीडिया पर इस मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने जून में आयोजित एक निचेल स्तर के टूर्नामेंट का जिक्र करते हुए लिखा, ”हाल में मल्लोर्का में मेरा ड्रग परीक्षण पॉजिटिव आया जिसमें मैं कोकीन के लिए पॉजिटिव मिला।” उन्होंने कहा, ”मैंने बहुत बड़ी गलती की और इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। ”

प्रतियोगिताओं के दौरान कोकीन को प्रतिबंधित डोपिंग पदार्थ माना जाता है। हालांकि प्रतियोगिता से बाहर इसके इस्तेमाल के मामलों में कम सजा का प्रावधान हो सकता है। किर्गियोस ने कहा कि पिछले दो वर्षों से चोटों से जूझने के कारण अपने करियर के अंतिम दौर के करीब पहुंचने की वास्तविकता को स्वीकार करना उनके लिए मुश्किल रहा है।

उन्होंने कहा, ”कई बार मैंने खुद को असहाय और अकेला महसूस किया है। लेकिन इनमें से कोई भी बात मेरे किए को सही नहीं ठहराती। ‘’ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने अस्थायी निलंबन के खिलाफ अपील नहीं की है और कहा है कि वह 28 दिनों के लिए सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रहेंगे ताकि खुद को सही करने पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा, ”मुझे खेद है। मैं मेहनत करूंगा और बेहतर होकर वापस आऊंगा।”

22 जून को लिया गया था सैंपल

पिछले महीने किर्गियोस को विंबलडन में युगल खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड मिला था। उन्होंने अलेक्जेंडर बुब्लिक के साथ जोड़ी बनाई, लेकिन पहले ही दौर में हार गए। अंतराष्टीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी इस मामले में कार्रवाई करेगी। एजेंसी ने बताया कि किर्गियोस का नमूना 22 जून को लिया गया था और 17 जुलाई को उनके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। किर्गियोस तब विंबलडन खेल चुके थे। एजेंसी ने कहा कि अनिवार्य अस्थायी निलंबन चार अगस्त से लागू किया गया था और किर्गियोस ने अब तक इस निलंबन के खिलाफ अपील नहीं की है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments