Tuesday, June 2, 2026
Homeदेशदिल्‍ली आज चकाचक, पर इन राज्‍यों में घने कोहरे का अलर्ट, बर्फबारी...

दिल्‍ली आज चकाचक, पर इन राज्‍यों में घने कोहरे का अलर्ट, बर्फबारी से NH बंद


Last Updated:

IMD Weather Today: सर्दियों के मौसम ने सिर्फ दस्‍तक ही नहीं दी है, बल्कि उत्‍तर से लेकर पूर्वी भारत के अधिकांश इलाकों को अपने आगोश में ले लिया है. तापमान में लगातार गिरावट से गलन बढ़ती जा रही है. वहीं, उच्‍च पर्वतीय राज्‍यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब साफ दिखने लगा है. भारी बर्फबारी के चलते नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा है. आने वाले दिनों में और ज्‍यादा स्‍नोफॉल का पूर्वानुमान जताया गया है.

IMD Weather Today: जम्‍मू-कश्‍मीर में भारी हिमपात के चलते नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा है. (फाइल फोटो/PTI)

IMD Weather Today: दिल्‍ली-एनसीआर समेत उत्‍तर और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्‍सों में पिछले कुछ दिनों से पड़ रहे घने कोहरे ने सामान्‍य जनजवन को पटरी से उतार दिया है. शनिवार 20 दिसंबर 2025 को तो कोहरे की चादर इस कदर मोटी हो गई कि अघोषित लॉकडाउन जैसी स्थिति पैदा हो गई. कार-बस, प्‍लेन, ट्रेन सबकी रफ्तार पर ब्रेक लग गया. इस वजह से हजारों लोग जहां-तहां फंसे रहे. दर्जनों की संख्‍या में फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जबकि राजधानी-दुरंतो समेत बड़ी संख्‍या में सुपरफास्‍ट, मेल और पैसेंजर ट्रेनें घंटों की देरी से अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचीं. रविवार 21 दिसंबर को दिल्‍ली-एनसीआर वालों के लिए राहत वाला दिन साबित हो सकता है. बर्फीली हवाओं की वजह से घने कोहरा छट गया है. सुबह में कोहरे या धुंध का असर उतना नहीं देखा गया. जम्‍मू-कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से भारी हिमपात हुआ है. हवा की रफ्तार भी सामान्‍य से ज्‍यादा है. इसका असर मैदानी हिस्‍सों पर भी पड़ा है. वहीं, जम्‍मू-कश्मीर में बर्फबारी की वजह से श्रीनगर-लद्दाख नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा है. दूसरी तरफ, दिल्‍ली में AQI का लेवल 450 के बेंचमार्क को क्रॉस कर गया है, जो स्‍वास्‍थ्‍य के लिहाज से बेहद खतरनाक है.

उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तल्‍ख रहने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 21 दिसंबर की सुबह तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है. इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 25 से 27 दिसंबर के बीच भी कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 दिसंबर को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22, 26 और 27 दिसंबर को घने कोहरे की स्थिति बन सकती है. झारखंड में 21 और 22 दिसंबर को तथा मध्य प्रदेश में 21 दिसंबर की सुबह तक कोहरा छाए रहने की आशंका है. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात के साथ-साथ उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है. इस बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 दिसंबर को शीत दिवस से लेकर भीषण शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है. इसका मतलब है कि दिन के समय भी तापमान सामान्य से काफी कम रह सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी.

Delhi NCR AQI
दिल्‍ली के वजीरपुर इलाके में एक्‍यूआई 450 को पार कर गया.

तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान

मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है. पूर्वी भारत में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है. गुजरात क्षेत्र में अगले दो दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, फिर तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है. महाराष्ट्र, मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है.

शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए शीतलहर और ठंड से जुड़ी चेतावनी भी जारी की है. मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 और 22 दिसंबर को शीतलहर चल सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 21 से 23 दिसंबर के बीच शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर की स्थिति बन सकती है. तेलंगाना में भी 21 से 23 दिसंबर के दौरान शीतलहर की आशंका है. बिहार के कुछ इलाकों में 20 और 21 दिसंबर को ठंडे दिन की स्थिति रह सकती है. उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 21 दिसंबर को शीत दिवस की चेतावनी दी गई है.

बारिश और बर्फबारी, NH बंद

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में अगले तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. खासतौर पर 21 दिसंबर को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी दी गई है. घाटी में भारी बर्फबारी होने के चलते श्रीनगर-लद्दाख नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा है.

About the Author

authorimg

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

homenation

दिल्‍ली आज चकाचक, पर इन राज्‍यों में घने कोहरे का अलर्ट, बर्फबारी से NH बंद



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments