Thursday, June 11, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशपुणे एसिड अटैक की शिकार युवती ने तोड़ा दम: 80 फीसदी...

पुणे एसिड अटैक की शिकार युवती ने तोड़ा दम: 80 फीसदी झुलसी पीड़िता की 21 दिन बाद मौत; बैतूल का रहने वाला है आरोपी – Betul News




पुणे में हुए एसिड अटैक में गंभीर रूप से झुलसी 21 वर्षीय युवती की 21 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई है। युवती ने मंगलवार, 10 जून को मुंबई के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। बुधवार को उसका शव उसके पैतृक गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। यह घटना 20 मई 2026 की रात करीब 1:55 बजे पुणे के ताड़ीवाला रोड स्थित जनता विद्यालय के सामने हुई थी। आरोपी ने युवती और उसके 21 वर्षीय मित्र पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका था, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। पहले से एक-दूसरे को जानते थे
पुणे के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी की पहचान बैतूल जिले के आमला तहसील अंतर्गत तोरणवाड़ा गांव निवासी श्रीराम मधु सावनेर (30) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवती मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और पुणे में निजी कार्य कर रही थी। आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। हमले के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवती की हालत बेहद गंभीर थी और वह लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गई थी, जिसमें उसके शरीर का पिछला हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ था। युवती का पहले सरकारी अस्पताल में चार दिन और फिर पृथ्वी अस्पताल में आठ दिन तक इलाज चला। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे मुंबई ले गए, जहां 10 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती का एक दोस्त भी घायल हुआ था
बंडगार्डन पुलिस स्टेशन के पीएसआई गणेश चौहान ने बताया कि हमले में युवती के साथ मौजूद उसका मित्र भी घायल हुआ था। उसके पैर पर एसिड गिरने से वह झुलस गया था, हालांकि अब वह स्वस्थ है। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों बाद 21 मई की सुबह गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। हमले की वास्विक वजह पता करने में जुटी पुलिस
पीएसआई गणेश चौहान ने बताया कि युवती की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी जाएंगी। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी। बुधवार को जब युवती का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा तो शोक की लहर फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मृतका की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और संवेदनशीलता को देखते हुए उसकी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी गई है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments