Last Updated:
सना खान और जायरा वसीम की तरह अब एक्ट्रेस प्रनवी तिवारी भी ग्लैमर की दुनिया छोड़कर अध्यात्म की राह पर निकल पड़ी हैं. एक्टिंग में आने से पहले वे एक एयर होस्टेस थीं और उन्होंने कृति सेनन, अदा शर्मा जैसे सितारों के साथ विज्ञापनों में काम किया था. पैसा, काम और परिवार के सपोर्ट की कमी नहीं थी, फिर ऐसा क्या हुआ कि वे ग्लैमर की दुनिया छोड़कर अध्यात्म की राह पर निकल पड़ीं? उन्होंने प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनना शुरू किया. वे उनसे दीक्षा लेने के बाद कृष्ण भक्ति में लीन हैं.
प्रनवी तिवारी, अदा शर्मा के साथ (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा के कुछ सितारे ऐसे हैं, जिन्होंने एक्टिंग का शानदार करियर छोड़कर अध्यात्म और भक्ति का मार्ग अपनाया. जायरा वसीम, सना खान और ममता कुलकर्णी की जिंदगी से ज्यादातर लोग वाकिफ हैं. अब एक और हीरोइन बॉलीवुड छोड़कर भगवान की भक्ति की राह पर निकल पड़ी है. वे कृति सेनन जैसी टॉप हीरोइनों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं. वे पहले एक एयर होस्टेस थीं. हम एक्ट्रेस प्रनवी तिवारी की बात कर रहे हैं.
प्रनवी तिवारी सुकून पाने की चाह में ईश्वर भक्ति की ओर खिंची चली आईं. उन्होंने कृष्ण भक्ति में खुद को रमा लिया है. ‘आजतक’ की रिपोर्ट के अनुसार, वे एक्ट्रेस बनने से पहले एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थीं. उन्होंने कई सितारों के साथ विज्ञापनों में काम किया था, जिनमें कृति सेनन का नाम भी शामिल है. वे कुछ ऐड में सिंगल लीड के तौर पर भी दिखी थीं. प्रनवी के पास किसी चीज की कमी नहीं थी. पैसा, काम और परिवार का सपोर्ट भरपूर था, फिर ऐसा क्या हुआ कि उन्हें कृष्ण भक्ति में रमना सबसे अहम लगा?
(फोटो साभार: YouTube/Videograb)
जिंदगी में खलने लगा था अधूरापन
प्रनवी तिवारी ने एक बातचीत में बताया कि वे पूरी तरह एक्टिंग में अपना करियर बनाना चाहती थीं, लेकिन इस सबके बावजूद उनका मन हमेशा अशांत रहता था. उन्हें पिछले दो सालों से लगातार ऐसा महसूस हो रहा था कि उनकी जिंदगी में कुछ अधूरा है. सुकून की तलाश प्रनवी ने फरवरी 2025 में पूज्य प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन सुनना शुरू किया. महाराज जी की बातों का उनके दिल पर गहरा असर हुआ और उन्हें समझ आ गया कि उनकी आत्मा को जिस शांति की तलाश थी, वह यहीं मिलेगी.
कृष्ण भक्ति में बिता रहीं जीवन
हालांकि, प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेना इतना आसान नहीं था. लेकिन प्रनवी ने ठान लिया था, उन्होंने अपने परिवार से बात की और मई 2026 में सब कुछ छोड़कर हमेशा के लिए वृंदावन आ गईं. वहां एक व्यक्ति की मदद से उनकी मुलाकात प्रेमानंद महाराज से हुई और उन्होंने महाराज जी से दीक्षा ले ली. प्रनवी का कहना है कि जब से उन्होंने गुरुदेव की शरण ली है, उन्हें लगता है कि उनकी खोज पूरी हो गई है. अब उन्होंने अपना पूरा जीवन प्रभु के चरणों में सौंप दिया है. आज प्रनवी एक भागवती बन चुकी हैं और वृंदावन में रहकर कृष्ण भक्ति में अपना जीवन बिता रही हैं.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें

