Tuesday, June 9, 2026
Homeदेशबस 2 और झेल लें गर्मी और लू, दिल्ली-यूपी में पलटेगा मौसम,...

बस 2 और झेल लें गर्मी और लू, दिल्ली-यूपी में पलटेगा मौसम, 28 राज्यों में अलर्ट


Today Weather News Live: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून बुलेट की रफ्तार से लगातार आगे बढ़ रहा है. हालांकि उत्तर भारत अब तक इससे महरूम ही बना हुआ है. दिल्ली, यूपी सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने हुए हैं. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुड न्यूज दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में दो दिन के बाद मौसम करवट लेगा और लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया गया है. हालांकि मानसूनी बारिश के लिए यहां अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा. आईएमडी के मुताबिक 8 जून को मानसून ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है. अगले 2-3 दिनों में इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.

9 जून को मानसून का सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिलेगा. कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में अभी दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा.

दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश

आईएमडी के अनुसार 9 जून को तटीय कर्नाटक, केरल और माहे तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश हो रही है.

इसके अलावा तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मानसून की सक्रियता के कारण कर्नाटक और केरल में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है.

पूर्वोत्तर भारत में भी खूब होगी झमाझम

वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा की संभावना है. आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस कारण से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अगले कई दिनों तक वर्षा का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं.

मानसून ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है.

पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम

ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है. ओडिशा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा भी हो सकती है. वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. अगले 48 घंटों में इन राज्यों में वर्षा गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.

मध्य भारत में आंधी-बारिश का दौर

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी मौसम सक्रिय रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.

दिल्ली में गर्मी की मार से जल्द मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. आज भी राजधानी में लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है. दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में गर्म और शुष्क हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. दिन के समय तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है.

आईएमडी के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इसके असर से दिल्ली में मौसम करवट ले सकता है. 11 से 14 जून के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है. इसके चलते अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

यूपी में कहीं बारिश, कहीं लू

9 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. पश्चिमी यूपी में 10 जून से मौसम में बदलाव शुरू होने के संकेत हैं.

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी फिलहाल गर्मी का असर रहेगा, लेकिन 10 से 14 जून के बीच कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 11 और 12 जून को कुछ स्थानों पर तेज आंधी और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लंबे समय से पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तराखंड में बारिश के साथ गिरेंगे ओले

उत्तराखंड में 9 जून से मौसम अपेक्षाकृत सक्रिय रहने वाला है. राज्य के पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.

यहां नीला रंग बेहद भारी हारिश, गहरा हरा रंग भारी बारिश, जबकि हल्का हरा रंग छिटपुट को दर्शाता है.

यहां 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी रहेगी.

बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश

बिहार में 9 जून को कई जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. राज्य के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.

10 से 12 जून के बीच बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज आंधी और थंडरस्क्वॉल की भी आशंका है. बारिश के चलते तापमान में कमी आएगी और उमस से राहत मिलेगी. किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम संबंधी चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है.

झारखंड में 50KMPH की आंधी

झारखंड में 9 जून को मौसम अस्थिर बना रहेगा. रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

11 और 12 जून को झारखंड में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…

मानसून की क्या है स्थिति?
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में आगे बढ़त बनाई है. अगले 2-3 दिनों में इसके कई और राज्यों में पहुंचने की संभावना है.

किन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है?
केरल, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.

कहां अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है?
तटीय कर्नाटक, केरल और माहे तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.

किन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है?
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

किन राज्यों में लू का अलर्ट है?
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है.

तापमान को लेकर क्या अनुमान है?
उत्तर और मध्य भारत में 11 जून तक तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है. इसके बाद बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में 3-5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.

कहां सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत?

9 जून को केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं का खतरा सबसे ज्यादा रहेगा. वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ में लू का असर जारी रहने की संभावना है.

कुल मिलाकर देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का जोर बढ़ चुका है, जबकि उत्तर भारत को अभी कुछ दिन और गर्मी झेलनी पड़ सकती है. हालांकि 11 जून के बाद उत्तर भारत के मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments