मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 20 और 21 मई को कुशलगढ़ क्षेत्र के चूड़ादा गांव में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री का 20 तारीख को कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद होगा, ग्राम विकास चौपाल का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी यहीं रहेगा। इसके लिए कुशलगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत चूड़ादा को चिन्हित किया गया है। चौपाल में समस्याओं का होगा समाधान कलेक्टर ने इस आयोजन के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा इस जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य यह है कि सरकार का आमजन से सीधा कनेक्ट (संवाद) हो सके। ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जा सके और मौके पर ही उनका उचित निराकरण किया जा सके। प्रशासन जुटा तैयारियों में, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कलेक्टर ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियों के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मुस्तैदी से काम कर रही है। जनसंवाद और चौपाल के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके साथ ही, कार्यक्रम में आने वाले लाभार्थियों के लिए आवागमन और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। गौरतलब है कि चूड़ादा गांव में हेलीपैड निर्माण, बिजली, सड़क, मंच व्यवस्था और सुरक्षा के तमाम इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री इस दौरान करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक ग्रामीण क्षेत्र की गलियों में मॉर्निंग वॉक भी कर सकते हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Source link

