शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में अपने परिजनों के साथ चेकअप कराने आई एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। अस्पताल परिसर में लगी सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि महिला एक टैक्सी में बैठकर वहां से कहीं चली गई है। घटना के संबंध में ससुर की रिपोर्ट पर सरदारपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैसलमेर जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने सरदारपुरा थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दी । रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि 26 सितंबर 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ अपनी पुत्रवधू को चेकअप कराने के लिए जोधपुर के गोयल अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टर को दिखाने के बाद उनकी पुत्रवधू अपने सास-ससुर को एक जगह बैठाकर दवाइयां लेने चली गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसके ससुर ने अपने बेटे को फोन कर स्थिति बताई। बेटे ने जब अपनी पत्नी को कॉल किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। परिजनों ने अस्पताल परिसर में हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसके भाई को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। अस्पताल प्रबंधन की मदद से जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो उनकी पुत्रवधू बैठकर अस्पताल परिसर से जाती हुई नजर आई। परिजनों की रिपोर्ट पर सरदारपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Source link

