Tuesday, September 22, 2026
Homeफूडबेलन-चकला रखिए साइड में, गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं झटपट वेज...

बेलन-चकला रखिए साइड में, गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं झटपट वेज नाश्ता


Last Updated:

Wheat Flour Breakfast Recipe: गेहूं के आटे, आलू और ताजी सब्जियों से बना यह झटपट नाश्ता सुबह की भागदौड़ में काम आ सकता है. इसे चीले की तरह तवे पर सेंका जाता है. सब्जियां पहले से कटी हों तो इसकी तैयारी और भी आसान हो जाती है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

गेहूं के आटे से 5 मिनट में बनाएं झटपट नाश्ता (Image-AI generated)

Wheat Flour Breakfast Recipe: सुबह का समय अक्सर इतना व्यस्त होता है कि नाश्ता बनाने के लिए लंबी तैयारी करना मुश्किल लगता है. कभी बच्चों का टिफिन तैयार करना होता है तो कभी ऑफिस जाने की जल्दी रहती है. ऐसे में रसोई में रखा गेहूं का आटा और कुछ सब्जियां काम आसान कर सकती हैं. खास बात यह है कि इस नाश्ते के लिए न आटा गूंथने की जरूरत है और न रोटियां बेलने की. सब्जियों को बारीक काटकर आटे में मिलाइए और गाढ़ा घोल तैयार कर लीजिए. फिर इसे तवे पर चीले की तरह फैलाकर सेंकना है, अगर सब्जियां पहले से कटी हुई हैं तो तैयारी में ज्यादा समय नहीं लगता. यह नाश्ता सुबह की चाय के साथ या बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है.

गेहूं के आटे और सब्जियों से बनाएं आसान नाश्ता
इस रेसिपी को आप आटा-सब्जी चीला या झटपट वेज डोसा कह सकते हैं. इसमें गेहूं के आटे के साथ कई तरह की सब्जियां मिलाई जाती हैं. बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम नाश्ता तैयार होता है. इसे बनाने के लिए 2 कप गेहूं का आटा लें. इसके साथ 1 शिमला मिर्च, 1 गाजर, 1 टमाटर, 1 प्याज, 2 हरी मिर्च और थोड़ा हरा धनिया बारीक काट लें.

कच्चे आलू से आएगा अच्छा टेक्सचर
अब एक कच्चे आलू को छीलकर कद्दूकस कर लें. कद्दूकस किए आलू को पानी में डालकर हल्का धोएं और फिर अच्छी तरह निचोड़ लें. इसे गेहूं के आटे में मिला दें. आलू मिश्रण को बांधने में मदद करता है और नाश्ते को सेंकने के बाद अच्छा टेक्सचर भी देता है. अब इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च, गाजर, टमाटर, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. स्वाद के लिए हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, थोड़ा गरम मसाला और नमक डालें. आप अपने स्वाद के हिसाब से मसालों की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं.

गाढ़ा घोल तैयार करना है जरूरी
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि आटे की कोई गुठली न रह जाए. घोल न तो बहुत पतला होना चाहिए और न ही इतना गाढ़ा कि तवे पर फैलाना मुश्किल हो. इसे चीले या डोसे के घोल जैसा रखें. अगर घोल बहुत पतला हो जाए तो थोड़ा गेहूं का आटा मिलाया जा सकता है. वहीं बहुत गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डालकर इसे सही कंसिस्टेंसी में लाएं. सब्जियां बारीक कटी होंगी तो घोल तवे पर आसानी से फैल जाएगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

तवे पर फैलाकर ऐसे पकाएं
अब तवा गैस पर रखें और हल्का गर्म होने दें. तवे पर थोड़ा तेल लगाएं. इसके बाद एक बड़ा चम्मच घोल डालकर उसे गोल आकार में धीरे-धीरे फैलाएं. इसे बहुत ज्यादा पतला करने की जरूरत नहीं है. नाश्ते को मध्यम आंच पर पकाना बेहतर रहेगा. तवे को ढक्कन से ढककर करीब 2 मिनट पकाएं. इससे ऊपर की सब्जियां भी अच्छी तरह पकने लगेंगी. इसके बाद ढक्कन हटाएं और किनारों पर थोड़ा तेल डालें.

दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें
जब ऊपर की सतह सूखी नजर आने लगे तो चीले को सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ भी हल्का तेल लगाकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें. दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाने के बाद इसे प्लेट में निकाल लें.

About the Author

authorimg

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments