उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को डर है कि यदि बंगाल में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया गया तो निर्वाचन आयोग फर्जी मतदाताओं की पहचान कर लेगा. भाजपा नेता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘अन्य राज्यों में काम कर रहे बंगाल के वास्तविक भारतीय नागरिकों की आजीविका अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और कुछ मामलों में रोहिंग्या द्वारा छीनी जा रही है.’
भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल के सामने सबसे बड़ी समस्या ‘कट्टरपंथ’ के प्रसार की है. उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल का पश्चिम बंगाल के कुछ सीमावर्ती जिलों पर भी असर पड़ा है. भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने बताया है कि देश में कुछ प्रतिबंधित संगठन सक्रिय हो रहे हैं, जिनमें उत्तर बंगाल का एक जिला केंद्र बिंदु है.
‘बांग्लादेश की भाषा’ बोलने वालों के संदर्भ में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को उचित ठहराते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बोली और लिखी जाने वाली बांग्ला भाषा और बांग्लादेश की भाषा में स्पष्ट अंतर है. तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पत्र पोस्ट किया, जिसमें दावा किया गया कि नई दिल्ली के एक थाने के प्रभारी अधिकारी ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘बंग भवन’ को पत्र लिखकर आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद ‘बांग्लादेशी राष्ट्रीय भाषा’ के लिए अनुवादक की मांग की है. इन लोगों के पड़ोसी देश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का संदेह है.
उन्होंने दावा किया, ‘इनमें से कई पीड़ित परिवारों ने अपनी शुरुआती प्रतिक्रियाओं में ऐसी घटनाओं की सीबीआई जांच की मांग की है क्योंकि उन्हें राज्य की मौजूदा सरकार पर भरोसा नहीं है.’ बर्धमान-दुर्गापुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने हाल ही में कथित अवैध खनन की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की थी. उनके बयान की ओर इशारा करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर अपने अंदर ‘भाजपा के डीएनए’ को पूरी तरह से खत्म नहीं कर पाए हैं.
तृणमूल में आने से पहले कीर्ति आजाद भाजपा में थे. भट्टाचार्य ने कहा, ‘उन्होंने (आजाद ने) 23 जुलाई को अवैध खनन की सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच की मांग की थी लेकिन 2 अगस्त को उन्होंने अपनी मांग वापस ले ली.’ भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा सीबीआई और ईडी जांच की मांग को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी सांसद सोमवार को केंद्रीय खनन मंत्री जी किशन रेड्डी से मिलकर उनसे उचित कदम उठाने का आग्रह करेंगे.

