भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक विजय राजभर को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद मऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा गया। गुरुवार देर शाम कार्यकर्ताओं ने मऊ स्थित पार्टी कार्यालय, उनके आवास और अन्य स्थानों पर माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। विजय राजभर मऊ शहर के सहादतपुरा मोहल्ले के निवासी हैं। वे एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं; उनके पिता फुटपाथ पर सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने डीसीएसके कॉलेज से वर्ष 2015 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की और उसके बाद सक्रिय रूप से भाजपा की राजनीति में शामिल हो गए। राजभर के राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2012 में सहादतपुरा वार्ड से निर्दलीय सभासद का चुनाव जीतने के साथ हुई थी। इसके बाद वे भाजपा से जुड़े और संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। तत्कालीन जिलाध्यक्ष दुर्ग विजय राय ने उन्हें जिला इकाई का महामंत्री भी नियुक्त किया था। बाद में उन्होंने घोसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनकर अपनी पहचान बनाई। प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर विजय राजभर ने कहा कि पार्टी संगठन ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह पूरी निष्ठा और मेहनत से इसका निर्वहन करेंगे। राजभर ने यह भी कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
Source link
मऊ के विजय राजभर भाजपा के प्रदेश मंत्री बने: पिता सब्जी बेचते थे, कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर मनाया जश्न – Mau News
RELATED ARTICLES

