पूर्णिया में शादी के महज दो महीने बाद एक शादीशुदा युवती पति को छोड़कर अपने बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गई। घर के चौखट पर पहुंचकर उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। देखते ही देखते मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। घटना कस्बा थाना क्षेत्र के फुलबड़िया मोहल्ले की है। मोहनी पंचायत की रहने वाली सान्या का फुलबड़िया निवासी करण कुमार के साथ पिछले आठ साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की मर्जी के आगे उनकी प्रेम कहानी अधूरी रह गई। परिजनों ने करीब दो महीने पहले युवती की शादी कटिहार जिले के एक युवक से करा दी। विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद भी उसकी बातचीत प्रेमी करण कुमार से होती रही। इसी बीच 14 जून को वो पति का घर छोड़कर बेंगलुरु पहुंच गई, जहां करण काम करता था। दोनों कई दिनों तक साथ रहे और फिर गुरुवार को कस्बा लौट आए। प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब युवती अपने प्रेमी के साथ उसके घर पहुंची। आरोप है कि प्रेमी के परिजनों ने उसे घर में रखने से साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान प्रेमी करण कुमार भी अचानक वहां से गायब हो गया। विवाहिता का आरोप है कि करण के परिजनों ने ही उसे कहीं छिपा दिया है। प्रेमी के गायब होने के बाद भी युवती उसके घर के बाहर डटी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। युवती ने साफ कहा कि अगर प्रेमी का परिवार उसे स्वीकार नहीं करता है तो वह कानून का रास्ता अपनाएगी। दूसरी ओर प्रेमी के परिजन किसी भी हाल में उसे परिवार का हिस्सा बनाने को तैयार नहीं दिखे। कुछ ही देर में फुलबड़िया मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई इस प्रेम कहानी के नए मोड़ को लेकर चर्चा करता नजर आया। घंटों तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा, हालांकि किसी तरह की मारपीट या अप्रिय घटना नहीं हुई। ‘आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी’ इस मामले में कस्बा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पुलिस को अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर पूरे मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

