विजय पाठक | अयोध्याकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आज घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे का अंतिम दिन है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, या विलोपन जैसे कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले नागरिकों के लिए भी आज ही अंतिम मौका है। 22 सितंबर तक प्राप्त हुए ऑनलाइन आवेदनों की जांच का कार्य 29 सितंबर तक सीमित रखा गया है। इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी बीएलओ को दी गई है, जो दस्तावेजों और पात्रता की पुष्टि कर रहे हैं।
आज के बाद गणना पत्रक के आधार पर हस्तलिखित पांडुलिपि तैयार की जाएगी, जिसमें परिवर्धन (नए नाम जोड़ना), संशोधन (जानकारी में सुधार), और विलोपन (अमान्य नाम हटाना) शामिल होंगे। इस पांडुलिपि को ही अंतिम रूप देकर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को किया जाएगा।
अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तहसील स्तर से मांगी गई है, ताकि जिले भर में मतदाता पुनरीक्षण की प्रगति का आकलन किया जा सके। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान ने जानकारी दी कि प्रत्येक बीएलओ की कार्यप्रणाली और अपडेट की गई सूची की समीक्षा की जा रही है।
मिल्कीपुर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने दोपहर बाद निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।


