Last Updated:
स्टार बॉबी देओल को एक ब्लॉकबस्टर फिल्म से रातों-रात बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. उन्होंने अब उस फिल्म को लेकर अपना दर्द बयां किया है. कमाल की बात यह है कि बॉबी देओल ही निर्देशक इम्तियाज अली और एक्ट्रेस करीना कपूर को इस प्रोजेक्ट के लिए साथ लाए थे. मगर खराब मार्केट वेल्यू की वजह से मेकर्स ने उन्हें हटाकर दूसरे स्टार को कास्ट कर लिया. इस धोखे से बॉबी देओल का दिल बुरी तरह टूट गया था क्योंकि उस वक्त उन्हें एक बड़ी फिल्म की सख्त जरूरत थी. अहम बात यह है कि बॉबी देओल ने अपने दुख और गुस्से को कमजोरी बनने नहीं दिया. उन्होंने इसे अपनी ताकत बनाया और खुद को बेहतर इंसान और अभिनेता के रूप में ढाला. आज हर एक फिल्म मेकर उन्हें अपनी फिल्म और सीरीज में कास्ट करने को बेताब है.
नई दिल्ली: आज बॉबी देओल अपने दम पर फिल्म हिट करा सकते हैं, मगर उनके जब सितारे गर्दिश में थे, तब वह एक हिट के लिए तरस रहे थे. वे फिल्म के खातिर दो सितारों को साथ लाए, मगर मेकर्स ने उन्हें ही बाहर का रास्ता दिखा दिया. उस वाकये से उन्हें गहरा दुख पहुंचा था. जाहिर है कि वह करियर के उस मुकाम में थे, जहां वह सिनेमा से पूरी तरह गायब हो सकते थे. मगर उन्होंने इसे चैलेंज के तौर पर लिया और धांसू कमबैक करके सबको चौंका दिया. बहरहाल, उन्होंने बताया कि कैसे ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जब वी मेट’ से उन्हें रातों-रात बाहर कर दिया गया था, जबकि इस फिल्म के लिए डायरेक्टर और हीरोइन को वे ही साथ लाए थे. (फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

बॉबी देओल ने ‘आप की अदालत’ शो में अपने दिल का दर्द बयां किया. उन्होंने बताया कि साल 2007 में आई सुपरहिट रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘जब वी मेट’ में पहले वो लीड रोल करने वाले थे. लेकिन बाद में मेकर्स ने उन्हें हटाकर शाहिद कपूर को फिल्म में ले लिया. बॉबी के लिए यह झटका इसलिए बड़ा था क्योंकि उन्होंने खुद इसके निर्देशक इम्तियाज अली और लीड एक्ट्रेस करीना कपूर को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा था. (फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

बॉबी ने बताया कि उस वक्त उनके करियर का ग्राफ थोड़ा नीचे चल रहा था और उन्हें एक बड़ी हिट फिल्म की सख्त जरूरत थी. जब उन्हें फिल्म से रिप्लेस किया गया, तो उनका दिल बुरी तरह टूट गया था. बॉबी असल में इम्तियाज अली की पहली फिल्म ‘सोचा ना था’ से काफी प्रभावित थे, जिसमें उनके कजिन अभय देओल ने काम किया था. इसी वजह से वो इम्तियाज के साथ काम करने को बेताब थे. (फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)
Add News18 as
Preferred Source on Google

बॉबी ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा, ‘हम दोनों ने मिलकर तय किया था कि साथ में फिल्म बनाएंगे. लेकिन जब इंडस्ट्री में आपकी मार्केट वैल्यू अच्छी नहीं होती, तो कोई आपका साथ नहीं देता.’ उन्होंने बताया कि फिल्म शुरू होने में काफी वक्त लग रहा था. जिस प्रोडक्शन हाउस के पास वो इस प्रोजेक्ट को लेकर गए थे, उसने पहले तो कहा कि इम्तियाज बहुत महंगे डायरेक्टर हैं और मना कर दिया.
(फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

किस्मत का खेल देखिए, बाद में उसी प्रोडक्शन हाउस ने इम्तियाज अली के साथ वही फिल्म बना डाली. इतना ही नहीं, फिल्म में हीरोइन भी वही करीना कपूर थीं जिन्हें बॉबी ने इस प्रोजेक्ट में शामिल करवाया था, बस हीरो की जगह बॉबी को हटाकर शाहिद कपूर की एंट्री करा दी गई. इस धोखे ने बॉबी को अंदर तक हताश और निराश कर दिया था. (फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

बॉबी देओल ने माना कि इस कड़वे अनुभव से उबरने में उन्हें काफी वक्त लगा, लेकिन अब उन्होंने इस बात से पूरी तरह समझौता कर लिया है. उन्होंने इंडस्ट्री के इस कड़वे सच को स्वीकार करते हुए कहा कि उतार-चढ़ाव तो हर किसी की जिंदगी में आते रहते हैं. ऐसा नहीं है कि किसी के साथ हमेशा सिर्फ अच्छी चीजें ही होती रहें, बस आपको आगे बढ़ना आना चाहिए. (फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

बॉबी ने कहा कि उन्होंने अपने दुख और गुस्से को डिप्रेशन में बदलने नहीं दिया. इसके बजाय, उन्होंने इस निगेटिव एनर्जी को अपनी ताकत बनाया और खुद को एक बेहतर इंसान और एक बेहतरीन अभिनेता के रूप में तराशने के लिए जी-जान से मेहनत शुरू कर दी.
(फोटो साभार: Instagram@iambobbydeol)

बॉबी ने आखिर में साफ किया कि आज उनके मन में न तो इम्तियाज अली के लिए और न ही किसी और के लिए कोई कड़वाहट या शिकायत बची है. वो दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं. बॉबी इन बुरे अनुभवों को अब पछतावे की तरह नहीं, बल्कि जिंदगी की एक बहुत जरूरी सीख की तरह देखते हैं, जिसने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है.

