Last Updated:
Moringa Powder Bread Recipe: अगर आप रोज़ सुबह नाश्ते में ब्रेड खाते हैं और उसे अधिक पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो सहजन (मोरिंगा) के पत्तों से बनी ब्रेड एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, सहजन के पत्तों में आयरन, कैल्शियम, फाइबर और विटामिन-ए जैसे कई आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं. इन पत्तों का पाउडर ब्रेड के आटे में मिलाकर घर पर आसानी से हेल्दी ब्रेड तैयार की जा सकती है, जिससे स्वाद के साथ-साथ पोषण भी बढ़ जाता है.
सहजन (मोरिंगा) की सब्जी का स्वाद तो अधिकांश लोग जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि इसके पत्तों से पौष्टिक और स्वादिष्ट ब्रेड भी तैयार की जा सकती है. अगर अभी सहजन की फली का मौसम नहीं है, तब भी इसके पत्तों का उपयोग कर घर पर हेल्दी ब्रेड बनाई जा सकती है.

सहजन के पत्ते आयरन, कैल्शियम, फाइबर, विटामिन-ए और कई आवश्यक पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माने जाते हैं. ऐसे में यदि इन पत्तों के पाउडर को ब्रेड में मिलाकर तैयार किया जाए तो साधारण ब्रेड भी पोषण से भरपूर बन जाती है. यह ब्रेड बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए लाभदायक मानी जाती है. खासकर ऐसे लोग जो जल्दी में नाश्ते के लिए केवल ब्रेड खाते हैं, वे इस तरीके से अपने भोजन को अधिक पौष्टिक बना सकते हैं. यह जानकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस की प्रोफेसर डॉ. सविता कुमारी ने साझा की.

कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस की प्रोफेसर डॉ. सविता कुमारी ने बताया कि सबसे पहले सहजन के ताजे और साफ पत्तों को तोड़ लें. इसके बाद पत्तों को हल्के गर्म पानी की भाप देकर अच्छी तरह सुखा लें, ताकि उनमें मौजूद नमी पूरी तरह खत्म हो जाए. पत्ते पूरी तरह सूख जाने के बाद उन्हें मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर तैयार कर लें. अब इस पाउडर को गेहूं के आटे या ब्रेड बनाने वाले मिश्रण में उचित मात्रा में मिलाकर सामान्य प्रक्रिया के अनुसार ब्रेड तैयार करें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस तरीके से बनी ब्रेड का स्वाद भी अच्छा होता है. उसका पोषण मूल्य भी कई गुना बढ़ जाता है. उन्होंने बताया कि यह तरीका बेहद आसान है और इसे घर पर बिना किसी विशेष उपकरण के तैयार किया जा सकता है.यदि इस पाउडर को नियमित रूप से भोजन में शामिल किया जाए तो शरीर को कई आवश्यक पोषक तत्व आसानी से मिल सकते हैं. डॉ. सविता कुमारी के अनुसार आजकल व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग सुबह के नाश्ते में अक्सर बाजार की ब्रेड का सेवन करते हैं, जिसमें मुख्य रूप से मैदा होता है. फाइबर की मात्रा बहुत कम रहती है. यदि उसी ब्रेड में सहजन के पत्तों का पाउडर मिला दिया जाए तो उसमें फाइबर, आयरन, कैल्शियम और विटामिन-ए जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व शामिल हो जाते हैं.

इससे ब्रेड केवल स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि अधिक स्वास्थ्यवर्धक भी बन जाती है. उन्होंने बताया कि सहजन के पत्ते औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं और नियमित रूप से इनका सेवन शरीर को बेहतर पोषण देने में मदद करता है. उनके अनुसार उनका विभाग लगातार लोगों को संतुलित आहार और पोषण संबंधी ऐसी आसान रेसिपी के बारे में जागरूक करता रहता है, ताकि लोग बिना अधिक खर्च के अपने दैनिक भोजन को पौष्टिक बना सकें.

