Ragi Chips Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन हो और किचन में रखी चीजों से ही स्नैक तैयार हो जाए तो बात ही अलग है. बाजार के पैकेट वाले चिप्स की जगह घर पर बने रागी चिप्स एक दिलचस्प विकल्प हो सकते हैं. रागी का स्वाद थोड़ा अलग जरूर होता है, लेकिन सही तरीके से आटा तैयार किया जाए तो इससे पतले, कुरकुरे और चटपटे चिप्स आसानी से बन जाते हैं. खास बात यह है कि इन्हें तेल में तलने के साथ ओवन या एयर फ्रायर में भी बनाया जा सकता है.
रागी के आटे में चावल का आटा या बारीक सूजी मिलाने से चिप्स में अच्छा क्रंच आता है. आइए जानते हैं घर पर रागी चिप्स बनाने का आसान तरीका.
रागी चिप्स के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए 1 कप रागी का आटा लें. इसके साथ 2 बड़े चम्मच चावल का आटा या बारीक सूजी, 1 कप पानी, 1 छोटा चम्मच सफेद तिल, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, चौथाई छोटा चम्मच हल्दी, स्वादानुसार नमक और 1 बड़ा चम्मच तेल या घी चाहिए. चिप्स को चटपटा स्वाद देने के लिए आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, चौथाई छोटा चम्मच आमचूर या पेरी-पेरी मसाला और थोड़ा काला नमक लिया जा सकता है.
रागी चिप्स का आटा कैसे तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबलने रखें. इसमें नमक, तेल, अजवाइन, तिल, लाल मिर्च और हल्दी डाल दें. पानी में उबाल आने के बाद गैस धीमी कर दें और रागी का आटा व चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब गैस बंद करके बर्तन को करीब 5 मिनट के लिए ढक दें. गर्म भाप से आटा नरम होगा और उसकी बाइंडिंग बेहतर हो जाएगी. यही तरीका रागी के आटे को बेलते समय टूटने से बचाने में मदद करता है. 5 मिनट बाद मिश्रण को परात में निकाल लें. जब आटा हल्का गुनगुना रह जाए और हाथ से संभालने लायक हो, तब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर इसे अच्छी तरह मसलें. करीब 3 से 4 मिनट तक मसलने पर आटा नरम और चिकना हो जाएगा.
चिप्स पतले बेलना है जरूरी
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें दो बटर पेपर के बीच रखकर पतला बेलें. जरूरत लगे तो थोड़े सूखे चावल के आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं. यहां एक बात ध्यान रखना जरूरी है कि चिप्स जितने पतले होंगे, उनका क्रंच उतना ही अच्छा आएगा. बेली हुई शीट पर कांटे की मदद से छोटे-छोटे छेद कर दें. इससे चिप्स तलते समय ज्यादा फूलेंगे नहीं. अब चाकू या पिज्जा कटर से इन्हें तिकोने या मनचाहे आकार में काट लें.
(इमेज AI)
रागी चिप्स तलने और बेक करने का तरीका
अगर आप इन्हें तेल में बनाना चाहते हैं तो कड़ाही में तेल को मध्यम गर्म करें. चिप्स को मध्यम-धीमी आंच पर डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तेज आंच रखने से बाहर की परत जल्दी रंग पकड़ सकती है जबकि चिप्स अंदर से ठीक से क्रिस्पी नहीं होंगे. तेल कम इस्तेमाल करना चाहते हैं तो एयर फ्रायर या ओवन का विकल्प भी है. ओवन या एयर फ्रायर को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें. चिप्स को करीब 10 से 12 मिनट तक बेक करें. समय उपकरण और चिप्स की मोटाई के हिसाब से थोड़ा बदल सकता है, इसलिए आखिरी कुछ मिनटों में इन्हें देखते रहें.
आखिर में डालें चटपटा मसाला
तैयार चिप्स को एक बड़े बाउल में निकालें. जब वे अभी हल्के गर्म हों, तब चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, आमचूर या पेरी-पेरी मसाला और थोड़ा काला नमक डालकर हल्के हाथ से टॉस करें. मसाला अच्छी तरह चिप्स पर लग जाएगा और स्वाद भी बढ़ जाएगा.

