खैरथल-तिजारा जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर मीनू राज प्रजापत पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों से विवाद के बाद मीनू राज और उनके परिवार पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला हो गया।
.
घटना में मीनू राज समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है। मामला शनिवार देर शाम, कोटकासिम क्षेत्र के सारणवास गांव का है।
इन्फ्लुएंसर मीनू राज ने बताया- शनिवार शाम मीनू राज प्रजापत के घर के पास ट्रैक्टर से पशुओं के चारे के लिए बाजरे की कड़बी की कुट्टी कटवाई जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
अस्पताल में मीनूराज ने घटना के बारे में बताया कि आरोपियों ने अचानक लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया।

अस्पताल में इलाज करवाते हुए मीनू राज प्रजापत और उनके परिजन।
5-6 लोगों पर हमले का आरोप
मीनू राज प्रजाप ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले बल्लू, लेखराम, धन्नो और राकेश समेत 5-6 लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया। हमले में मीनू राज, उनके पति कुलदीप, ससुर बाबूलाल प्रजापत और जेठ धनराज घायल हो गए।
चारों घायलों को अलवर किया रेफर
हमले के बाद परिजन चारों घायलों को किशनगढ़बास के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को अलवर रेफर कर दिया गया।
घायल पक्ष ने पड़ोसियों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया है। खबर लिखे जाने तक कोटकासिम थाने में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस में शिकायत और जांच के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

एंटरटेनमेंट वीडियो बनाती हैं मीनू राज
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनका अकाउंट @official_meenu_raj नाम से है, जहां वे अपनी वीडियो और कंटेंट के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से जुड़ी हुई हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 2.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा फेसबुक पर 5.8 मिलियन और यूट्यूब पर 2.5 मिलियन फॉलोअर्स व सब्सक्राइबर्स हैं। इस तरह तीनों प्लेटफॉर्म पर उनकी कुल सोशल मीडिया फॉलोइंग 10.6 मिलियन से अधिक है। इंस्टाग्राम प्रोफाइल का डेटा सीधे नहीं खुल सका है।

