रामपुर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम पर्व और मानसून के दौरान जनसुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था और संचारी रोगों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए श्रावण माह के प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार तक जनपद से गुजरने वाले उपखनिज लदे भारी वाहनों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 3, 10, 17 और 24 अगस्त के सोमवार तथा 11 अगस्त को शिवरात्रि के अवसर पर भी प्रभावी रहेगा। उन्होंने बताया कि टांडा, स्वार, दढ़ियाल, बाजपुर, मसवासी सहित निर्धारित मार्गों पर इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। वाहन स्वामियों और चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को चांद के दीदार के अनुसार मनाए जाने वाले चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी संवेदनशील थाना क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। ये मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरियर और चेक पोस्ट की निगरानी, संदिग्ध वाहनों की जांच तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की अवधि बढ़ाकर अब 10 अगस्त 2026 तक कर दी गई है। अभियान के तहत जलजनित एवं वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, घर-घर सर्वे, बुखार और अन्य लक्षण वाले मरीजों की पहचान तथा समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। सीएमओ ने कहा कि अभियान के दौरान जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी तेज किया जाएगा, ताकि लोग साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को अपनाएं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, जिससे सभी आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सकें।
Source link
रामपुर में कांवड़ यात्रा और चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट: भारी वाहनों पर प्रतिबंध, डीएम बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता – Rampur News
RELATED ARTICLES

