वाराणसी पुलिस रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक फरार दंपती की तलाश में बिहार के कैमूर के भभुआ पहुंची है। यह दंपती फर्जी नियुक्ति पत्र और नकली दस्तावेजों का उपयोग कर कई युवकों से धोखाधड़ी कर फरार हो गया था।
.
शिवपुर थाना के एएसआई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि, मुख्य आरोपी संतोष कुमार और उसकी पत्नी नीतू देवी के खिलाफ वाराणसी के शिवपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप है।
जांच में नियुक्ति पत्र जाली पाए गए
पीड़ितों को तब ठगी का पता चला जब वे रेलवे कार्यालय पहुंचे और उनके नियुक्ति पत्र जाली पाए गए। इसके बाद यह धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपी दंपती मूल रूप से कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या दो, वीआईपी कॉलोनी के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में वाराणसी के पटेल नगर, गायत्री धाम कॉलोनी में रह रहे थे, लेकिन धोखाधड़ी उजागर होने के बाद फरार हो गए।
पुलिस टीम भभुआ पहुंची।
आस-पड़ोस के लोगों से की पूछताछ
वाराणसी पुलिस आरोपियों के स्थायी पते की पुष्टि करने और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के लिए भभुआ पहुंची है। शिवपुर थाना की टीम ने भभुआ थाना पुलिस के सहयोग से कॉलोनी और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की है।
पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान कुछ ठोस सुराग मिल सकते हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी संतोष कुमार पहले भी जालसाजी के मामलों में संदिग्ध रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी को इस दंपती के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। वाराणसी और कैमूर की पुलिस दोनों की तलाश में सक्रिय है।

