भिंड के लहार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मटियावली गांव से रेत भरकर करीब 14 ट्रैक्टर मिहोना क्षेत्र की ओर ले जाए जाने की सूचना है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने रेत से भरे ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि रेत माफिया ने स्थानीय नेता का हवाला देते हुए जवान को धमकाया और ट्रैक्टरों को वहां से निकलवा लिया। मामला सामने आने के बाद भी पुलिस और खनिज विभाग की ओर से स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है। पुलिस ने रोका तो नेता का हवाला देकर बनाया दबाव
जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मटियावली क्षेत्र से रेत से भरे ट्रैक्टर मिहोना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक एफआरवी वाहन में तैनात पुलिस जवानों ने ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि रेत माफिया ने स्थानीय नेता का हवाला देते हुए पुलिस जवान पर दबाव बनाया। इसके बाद रेत से भरे ट्रैक्टरों को वहां से निकाल लिया गया। जिस पुलिस जवान ने ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया, वह इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहा है। टेंडर के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन
दरअसल, लहार क्षेत्र में रेत का टेंडर होने के बाद संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद क्षेत्र में समय-समय पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। कुछ दिन पहले मटियावली में अवैध रूप से रेत का भंडारण किए जाने की सूचना पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने रेत को जब्त करने के बजाय उसे मौके पर ही जमीन पर फैलवा दिया था। इसके बाद रेत माफिया द्वारा उसी रेत को दोबारा एकत्रित कर ढेर लगाए जाने और सप्लाई शुरू किए जाने की बात सामने आई। पुलिस की सख्ती के बाद बंद हुआ था अवैध परिवहन
क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की खबरें सामने आने के बाद लहार पुलिस ने सख्ती बढ़ाई थी। इसके चलते कुछ समय तक रेत से भरे ट्रैक्टरों का परिवहन बंद रहा। अब रेत के दाम बढ़ने और मिहोना क्षेत्र में मांग बढ़ने के बाद अवैध परिवहन दोबारा शुरू होने की बात सामने आ रही है। इसी क्रम में मटियावली से 14 ट्रैक्टरों को रेत भरकर मिहोना की ओर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस-खनिज विभाग की चुप्पी पर सवाल
मामले में पुलिस जवान से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं खनिज विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। खनिज निरीक्षक गौरव साहू का कहना है कि लहार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें सामने आ रही हैं। जल्द ही क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लहार में रात में 14 ट्रैक्टरों में रेत परिवहन: जवान के रोकने पर भी निकला अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली, नेता का हवाला देकर धमकाया – Bhind News
RELATED ARTICLES

