सनी गुप्ता, संभल2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभल में धान खरीद को लेकर संभल-हसनपुर मार्ग पर 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इस जाम में किसान, यात्री और एंबुलेंस सहित कई वाहन 24 घंटे से अधिक समय से फंसे हुए हैं। किसानों को धान बेचने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है।
यह जाम शनिवार मध्यरात्रि को संभल कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर रोड पर लगा। दिन में भी जाम की स्थिति थी, लेकिन नए किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की दूसरी लाइन लगा देने से स्थिति और बिगड़ गई। कृषि उत्पादन मंडी समिति के दोनों ओर चार-चार किलोमीटर तक जाम फैला हुआ है।


जाम थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव मोती नगर से लेकर थाना नखासा क्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़ा तक पहुंच गया है। शुक्रवार शाम 5 बजे से मंडी समिति पहुंचे किसान, जो 4 किलोमीटर पीछे खड़े थे, वे 30 घंटे बाद शनिवार रात 12 बजे तक भी मंडी समिति के गेट तक ही पहुंच पाए हैं। किसानों का कहना है कि अधिक माल और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की डबल लाइन ही इस समस्या का मुख्य कारण है।

जाम में फंसी एक एंबुलेंस को बाहर निकलने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। लगातार सायरन बजाने के बावजूद उसे निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम की स्थिति से निपटने के लिए तीन थानों की पुलिस लगातार प्रयास कर रही है ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

गांव निबोरा के किसान हिमांशु यादव ने बताया कि धान बेचने के लिए मंडी समिति संभल आए हैं, 24 घंटे से अधिक का समय होने के बाद भी अभी मंडी समिति के अंदर नहीं पहुंचे हैं। आज जो किसान आए हैं वह अपनी नई लाइन लगा रहे हैं जिसकी वजह से पुराने किसानों को दिक्कत होती है और जाम लगा है।

करछली सिकंदरपुर के किसान ओमकार ने बताया कि धान बेचने के लिए मंडी समिति संभल आए हैं और 24 घंटे से यही फंसे हुए हैं। मल्लाह मुस्तफाबाद के किसान हरिशंकर ने बताया कि धान बेचने के लिए आए हैं और शुक्रवार शाम 05 बजे से यहां पड़े हुए हैं, नए किसान आकार के दूसरी लाइन लगाते हैं जिसकी वजह से दिक्कत होती है।

