Friday, July 31, 2026
Homeदेशसंसद में 'धुआं': अंदर ई-सिगरेट पर अनुराग ठाकुर का ऐतराज, बाहर सिगरेट...

संसद में ‘धुआं’: अंदर ई-सिगरेट पर अनुराग ठाकुर का ऐतराज, बाहर सिगरेट पीते दिखे सांसद, स्पीकर ने मंगवाया CCTV


संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही के बीच एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई. मुद्दा किसी बिल या बहस का नहीं, बल्कि ‘धुएं’ का था. भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सदन के भीतर ई-सिगरेट पीने का गंभीर मुद्दा उठाया, जिसके बाद संसद से लेकर बाहर परिसर तक सियासी पारा चढ़ गया. शक की सुई तृणमूल कांग्रेस के खेमे की तरफ घूमी, जिसके बाद केंद्रीय मंत्रियों ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. यहां तक क‍ि स्‍पीकर ने सीसीटीवी फुटेज भी तलब कर ली.

मामले की शुरुआत तब हुई जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में शिकायत दर्ज कराई कि सदन के भीतर ई-सिगरेट का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि सदन में कुछ अजीब गंध आ रही है और धुआं देखा गया है.

2019 से भारत में बैन

अनुराग ठाकुर ने याद दिलाया कि भारत सरकार ने 2019 में ही देश में ई-सिगरेट के निर्माण, आयात और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था. ऐसे में, कानून बनाने वाले मंदिर के भीतर ही प्रतिबंधित वस्तु का उपयोग करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि सदन की घोर अवमानना है.

इस शिकायत पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तुरंत संज्ञान लिया. सूत्रों के मुताबिक, स्पीकर ने घटना की पुष्टि के लिए सदन का सीसीटीवी फुटेज मंगवाया. हालांकि, बाद में स्पीकर ने सभी सांसदों को सदन की गरिमा बनाए रखने की सख्त हिदायत देते हुए फिलहाल इस मामले को वहीं खत्म कर दिया.

सौगत रॉय और मंत्रियों का आमना-सामना

सदन के भीतर ई-सिगरेट का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ था कि संसद भवन परिसर (बाहर) में एक और वाकया हो गया. टीएमसी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय संसद परिसर में सिगरेट पीते हुए नजर आए. उसी वक्त केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत वहां से गुजर रहे थे. दोनों मंत्रियों ने सौगत रॉय को सिगरेट पीते देखा और आपस में बातचीत की, जिसका वीडियो अब संसद के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. भाजपा नेताओं ने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया.

संसद के बाहर जब टीएमसी सांसद सौगत रॉय और शेखावत के बीच हुई बहस.

गिरिराज सिंह का हमला- यह टीएमसी के संस्कार

इस पूरी घटना पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला. समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने यह मुद्दा उठाया. 2019 में ई-सिगरेट प्रतिबंधित की गई थी. अगर कोई सांसद सदन के अंदर ई-सिगरेट पीता है, तो यह सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है… यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. यह दर्शाता है कि वे (टीएमसी) सदन का कितना सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि जो चीज पूरे देश में प्रतिबंधित है, उसका उपयोग संसद के अंदर करना कानून का मखौल उड़ाना है.

सौगत रॉय का पलटवार- ‘शेखावत स्पीकर नहीं हैं’

  • विवाद बढ़ने पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने भी आक्रामक रुख अपनाया. संसद परिसर में सिगरेट पीने को लेकर जब उनसे सवाल किया गया और गजेंद्र सिंह शेखावत की आपत्ति का जिक्र किया गया, तो रॉय बिफर पड़े.
  • सौगत रॉय ने कहा, गजेंद्र सिंह शेखावत कोई स्पीकर नहीं हैं. आपको या उन्हें जवाब देने की मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं है. आपको जो दिखाना है दिखाइए, मुझे फर्क नहीं पड़ता.
  • नियमों का हवाला देते हुए सौगत रॉय ने अपनी सफाई में कहा, संसद भवन (बिल्डिंग) के अंदर सिगरेट पीना मना है, लेकिन परिसर कांम्‍प्‍लेस और ओपेन एर‍िया में पी सकते हैं. टीएमसी सांसद अंदर पी रहे हैं या नहीं, वह दूसरी बात है. शेखावत हमारे स्पीकर हैं क्या? अगर आप मंत्री को खुश करना चाहते हैं तो कोई भी खबर दिखाइए.
  • सांसदों के आचरण पर नई बहस
    स्पीकर ओम बिरला की हिदायत के बाद सदन के अंदर ई-सिगरेट वाले मामले पर आधिकारिक कार्रवाई की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने संसद के अंदर के अनुशासन और सांसदों के व्यवहार पर एक नई बहस छेड़ दी है. भाजपा इसे विपक्ष की गंभीरता की कमी बता रही है, जबकि टीएमसी इसे सरकार द्वारा मुद्दा भटकाने की कोशिश करार दे रही है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments