हरदा में दुकान बंद कराने गए पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की कर शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पैदल ही कोर्ट ले जाया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
.
यह था मामला
सिटी कोतवाली टीआई प्रह्लाद सिंह मर्सकोले ने बताया कि जिला अस्पताल के सामने रहने वाले अर्जुन उर्फ अज्जू खान (पिता यूनुस खान) ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षक से धक्का-मुक्की कर शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। यह घटना दुकानें तय समय पर बंद कराने के दौरान हुई।
आरक्षक से धक्का-मुक्की कर सड़क पर गिराया
पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक लोकेश गौर (35) ने बताया कि 26 मई की रात वह एक बंदी को अस्पताल में भर्ती कराने की ड्यूटी से लौट रहे थे। इस दौरान देर रात एक खुली दुकान मिली। दुकान बंद करने को कहने पर आरोपी अज्जू ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
इसके बाद पुलिस ने थाना कोतवाली हरदा में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 (BNSS) के तहत एसडीएम न्यायालय हरदा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
टीआई मर्सकोले ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न डालें। समाज में इस तरह के बदमाशों का खौफ खत्म करने के लिए आरोपी को पैदल कोर्ट ले जाया गया।

