Halwai Style Aloo Sabzi For Puri: पूजा-त्योहारों के दिन भंडारे में जाकर पूरी-सब्जी खाने का मजा ही कुछ और होता है. यहां परोसी जाने वाली मसालेदार आलू की सब्जी का जायका इतना जबरदस्त होता है कि एक बार में मन ही न भरे. हल्का-सा तीखापन लिए यह सब्जी गरमा-गरम पूरी के साथ परोसी जाती है. लेकिन जब हम इसे घर पर बनाने की कोशिश करते हैं तो स्वाद वैसा नहीं मिलता, जैसा भंडारे में था. अगर आप भी हलवाई-स्टाइल आलू की इस तरी वाली सब्जी को घर पर बनाना चाहते हैं तो इस तरह बनाएं. यह रेसिपी आसान तो है ही, इसे बनाने में प्याज और लहसुन की भी जरूरत नहीं पड़ती.
सामग्री-
4 मीडियम साइज उबले आलू
2 बड़े चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच जीरा
2 सूखी लाल मिर्च
1 तेज पत्ता
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया अदरक
1 बारीक कटी हरी मिर्च
¼ छोटा चम्मच हींग
½ छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
4 टमाटर का प्यूरी
स्वादानुसार नमक
¼ छोटा चम्मच गरम मसाला
हरी धनिया बारीक कटी हुई
पानी आवश्यकतानुसार
बनाने की विधि-
-सबसे पहले आलू उबाल लें, ठंडा होने पर हाथ से हल्का-हल्का मैश करें. ध्यान रखें कि बिल्कुल बारीक पेस्ट न बनाएं, हल्के-हल्के टुकड़े रहने दें ताकि टेक्सचर अच्छा आए.
-कड़ाही में तेल गरम करें. इसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च और तेज पत्ता डालें. जब ये चटकने लगें तो कसूरी मेथी, अदरक, हरी मिर्च और हींग डालकर भूनें.
-अब इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और धनिया पाउडर डालकर मसाले की खुशबू आने तक भूनें.
-इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें और मीडियम आंच पर तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल न निकलने लगे. यही स्टेप स्वाद को गहरा बनाता है.
-अब इसमें मैश किए आलू डालें और अच्छी तरह मिलाएं. ग्रेवी की गाढ़ापन के अनुसार पानी डालें.
-नमक डालकर 5–7 मिनट उबालें. ऊपर से गरम मसाला और बारीक कटी हरी धनिया डालें.
-फिर से हल्का मिलाकर 2–3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. आपकी हलवाई-स्टाइल भंडारे वाली आलू की सब्जी तैयार है.