सरफराज वारसी | बाराबंकी2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला पर हमला कर उसकी नथुनी छीनने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर नकाबपोश बदमाश ने महिला के हाथ पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। यह घटना वार्ड किला दरवाजा निवासी रहमत अली की पत्नी हीना के साथ हुई।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक ने हीना के घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, युवक ने उसकी नाक में पहनी नथुनी छीन ली। जब महिला ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने उसके हाथ पर चाकू से हमला कर दिया।

महिला के चीखने-चिल्लाने पर मोहल्ले के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश भागने में सफल रहा। बताया गया है कि युवक ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू की।
पुलिस पीड़िता को थाने लाकर आगे की पूछताछ कर रही है। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है और फिलहाल जांच पड़ताल जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।


