नई दिल्ली. दिग्गज एक्टर सतीश शाह का 74 साल की उम्र में 25 अक्टूबर को निधन हो गया. उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौर पड़ी है. सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने शाहरुख खान की फिल्म ‘कभी हां कभी ना’ से डेब्यू किया था, जिसमें सतीश शाह भी अहम किरदार में थे. सुचित्रा और सतीश बाप-बेटी के किरदार में थे. जब सुचित्रा से संपर्क किया गया तो वह स्तब्ध रह गईं और कहा कि उन्हें सतीश शाह के निधन की खबर नहीं थी.
शानदार एक्टर थे सतीश शाह
सुचित्रा ने कहा, ‘वह सबसे हंसमुख, स्नेही और सपोर्टिंग को-स्टार थे. मैंने उन्हें कभी भी उदास या चिड़चिड़े मूड में नहीं देखा. कभी हां कभी ना के सेट पर वह मेरे प्रति बहुत दयालु और गर्मजोशी से भरे थे. उस फिल्म के बाद भी जब-जब मैं उनसे मिली, वह हमेशा वैसे ही मिले. वह क्या शानदार एक्टर थे. उन्होंने एक एक्टर के रूप में जो कुछ हासिल किया, वह वाकई अविश्वसनीय है.’
रवि बसवानी की करते थे टांग खिंचाई
उनकी कॉमिक टाइमिंग केवल स्क्रीन तक ही सीमित नहीं थी. कैमरे के पीछे भी वह वक्त मजाक और हंसी-ठिठोली करने से नहीं चूकते थे और अक्सर अपने को-एक्टर्स को छेड़ते रहते थे. एक घटना याद करते हुए सुचित्रा ने कहा, ‘मुझे याद है कि सतीश हमेशा रवि बसवानी के साथ मजाक किया करते थे और उन्हें चिढ़ाते रहते थे. सतीश अक्सर उनसे कहते थे कि तुम इतना हीही क्यों करते रहते हो? ये छोटी-छोटी बातें ही मुझे उनके बारे में याद हैं.’
कई साल पहले हुई थी मुलाकात
जब सुचित्रा से पूछा गया कि उन्होंने सतीश से आखिरी बार कब बात की थी? तो जवाब में एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं उनसे कई साल पहले आखिरी बार मिली थी. यह कोई औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बस अचानक मिलना था.’ सुचित्रा ने बताया कि वह उस वक्त अपनी फैमिली से मिलने की जल्दबाजी में थीं.
किडनी फेल होने की वजह से हुआ निधन
सतीश शाह का कल दोपहर हिंदुजा अस्पताल में निधन हुआ. वरिष्ठ फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने बताया कि सतीश किडनी फेल होने की वजह से इस दुनिया को अलविदा कह गए. उनकी स्वास्थ्य स्थिति अचानक घर पर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. सतीश ने ‘हम साथ साथ हैं’, ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फना’, ‘ओम शांति ओम’ और अन्य कई फिल्मों में काम किया था.

