Last Updated:
ममता बनर्जी ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर यमुना प्रदूषण, महिलाओं की सुरक्षा और मणिपुर हिंसा पर चुप्पी को लेकर हमला बोला. उन्होंने अमित शाह की धमकी वाली टिप्पणी पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा सीएम ममता बनर्जी ने बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी को निर्णायक बहुमत मिलने का भरोसा भी जताया.
सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के गंगा नदी में बोट राइड पर तंज कसा. (फाइल फोटो)
कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में हुगली नदी में नाव की सवारी का लुत्फ उठा सकते हैं, क्योंकि दिल्ली में यमुना नदी के जल के विपरीत इसका पानी साफ है. हावड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को यमुना नदी में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण पीएम मोदी राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी में नाव की सवारी का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे.
ममता बनर्जी ने कहा, “यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने आज बंगाल की गंगा नदी में नाव की सवारी की, जो कि साफ़ है. जहां राज्य सरकार और कोलकाता नगर निगम सहित अन्य नगर निकायों ने नदी तट के आस-पास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया है. दिल्ली में प्रदूषित यमुना नदी की क्या हालत है? क्या आप वहां जाकर डुबकी लगा सकते हैं?”
बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में प्रधानमंत्री के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने कहा कि उन्हें (मोदी) खुद स्थिति का आकलन करना चाहिए और इसकी तुलना भाजपा शासित राज्यों से करनी चाहिए. तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, “देखिए यहां महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं – शहर में, राज्य में, सड़कों पर – भाजपा शासित दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के विपरीत, जहां महिलाओं पर हमले की घटनाएं हर रोज सामने आती हैं.” उन्होंने सवाल किया, “आप हाथरस और दिल्ली को क्यों भूल जाते हैं? कृपया हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर जाइए. आप मणिपुर पर चुप क्यों हैं?”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए कि चार मई (मतगणना का दिन) के बाद “तृणमूल कांग्रेस के उत्पीड़कों को सार्वजनिक रूप से उल्टा लटकाया जाएगा”, ममता ने सवाल उठाया कि क्या कोई केंद्रीय मंत्री इस तरह की धमकी दे सकता है. उन्होंने कहा, “क्या मैं पूरे शिष्टाचार और सम्मान के साथ यह पूछ सकती हूं कि कोई केंद्रीय मंत्री इस तरह की धमकी दे सकता है?”
मुख्यमंत्री ने बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी को निर्णायक बहुमत मिलने का भरोसा जताया. उन्होंने कहा, “पहले चरण के मतदान से स्पष्ट हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी. भाजपा नेताओं की खुशी पल भर की है.” ममता ने शाह के कोलकाता को कथित तौर पर झुग्गी-झोपड़ियों का शहर बताने पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि कोलकाता “देश के अग्रणी औद्योगिक शहरों में से एक है.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

