Last Updated:
नतीजों के सीजन के चलते घरेलू बाजारों में आगामी हफ्ते में हलचल बनी रहने उम्मीद है. इस दौरान एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, कोल इंडिया, पंजाब एंड सिंध बैंक सहित कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही नतीजे घोषित करेंगी.
पिछला हफ्ता शेयर बाजार के लिए काफी खराब रहा था.
नई दिल्ली. बीता हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा. इस दौरान सेंसेक्स 1,829.33 अंक या 2.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,664.21 और निफ्टी 455.60 अंक या 1.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,897.95 पर चला गया. अगले हफ्ते भी बाजार में गिरावट जारी रहेगी या रिकवरी आएगी, यह कुछ घरेलू और वैश्विक कारकों पर निर्भर करेगा.
भारतीय शेयर बाजार के लिए अगला हफ्ता काफी अहम होने वाला है. अमेरिकी फेड की बैठक, चौथी तिमाही के नतीजे, ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता की दिशा, कच्चे तेल की कीमत और घरेलू आर्थिक आंकड़ों से शेयर बाजार की चाल निर्धारित होगी.
28 अप्रैल को शुरू होगी फेड बैठक
ब्याज दरों पर अमेरिकी फेड की बैठक 28-29 अप्रैल के बीच प्रस्तावित है. यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है. इसके अलावा, ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता पर नए अपडेट भी बाजार को प्रभावित करेंगे. फिलहाल के लिए दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को टाल दिया गया है. अगले हफ्ते कच्चे तेल की चाल पर भी निवेशकों की निगाहें होंगी. फिलहाल वैश्विक अस्थिरता के कारण उच्च स्तर पर बना हुआ है.
नतीजों पर भी नजर
नतीजों के सीजन के चलते घरेलू बाजारों में आगामी हफ्ते में हलचल बनी रहने उम्मीद है. इस दौरान एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, कोल इंडिया, पंजाब एंड सिंध बैंक, एसबीआई कार्ड्स, एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस, इटरनल, मारुति सुजुकी, अदाणी पावर, एसीसी, अदाणी एंटरप्राइजेज और गोदरेज एग्रोवेट जैसी कंपनियां अपने वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी. इसके अतिरिक्त,सरकार द्वारा इंडस्ट्रियल और मैन्युफैक्चरिंग प्रोडक्शन के आंकड़े 28 अप्रैल को जारी किए जाएंगे, जिस पर निवेशकों की निगाहें होंगी.

