Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ का नाम बदलकर ‘स्ट्रेट ऑफ ट्रंप’ करने वाला एक विवादित नक्शा शेयर किया है. यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका की नौसेना ने ईरान की कड़ी घेराबंदी कर रखी है, जिससे वैश्विक तेल कीमतों में भारी उछाल आया है और कच्चा तेल 120 डॉलर के पार पहुंच गया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ ट्रंप के नाम का पोस्टर जारी किया है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर अपने अंदाज़ में दुनिया को चौंका दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नक्शा शेयर किया है जिसमें स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Strait of Hormuz) का नाम बदलकर ‘स्ट्रेट ऑफ ट्रंप’ (Strait of Trump) लिख दिया गया है. ट्रंप ने यह नक्शा ऐसे समय पर शेयर किया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है और खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं. तेल की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर एक फोटो डाली, जिसमें ईरान के पास वाले इस समुद्री रास्ते को उनके नाम से दिखाया गया था. यह फोटो असल में उनके एक समर्थक ने बनाई थी, जिसे राष्ट्रपति ने फॉरवर्ड किया. मजेदार बात यह है कि ट्रंप पहले भी बातों-बातों में इस रास्ते को अपना नाम दे चुके हैं. एक बार उन्होंने गलती से इसे स्ट्रेट ऑफ ट्रंप कह दिया था और फिर मजाकिया अंदाज में कहा कि उनसे कोई गलती नहीं होती और अब ‘फेक न्यूज’ वाले इसे मुद्दा बनाएंगे. लेकिन इस मजाक के पीछे एक गंभीर बात यह है कि अमेरिका ने ईरान की घेराबंदी कर रखी है. घेराबंदी मतलब अमेरिकी नौसेना ने ईरान के समुद्री रास्तों को रोक दिया है, ताकि वहां से कोई व्यापार न हो सके. ट्रंप का कहना है कि यह घेराबंदी अभी कई महीनों तक चल सकती है.

