महू के रावली गांव में एक बारात पर पथराव हुआ, जिसमें एक बच्ची समेत तीन बाराती घायल हो गए। यह घटना धार जिले के कुआं गांव से आंबाचंदन आई बारात के लौटते समय हुई। घायलों को मध्यभारत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और देर रात पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुआं गांव निवासी रमेश मुवेल की बारात महू के रावली गांव पहुंची थी। बारात तय समय सुबह 12 बजे से देरी से पहुंची, जिस पर लड़की पक्ष ने 2000 रुपए का जुर्माना लगाया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद लड़के पक्ष ने 1000 रुपए देकर मामला सुलझाया और विवाह की रस्में पूरी की गईं। बारात पर किया पथराव विवाह पूरा होने के बाद शाम करीब 6 बजे जब बारात वापस लौट रही थी, तो माहौल फिर से तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में बारात को सुरक्षित निकाला जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने छिपकर पथराव शुरू कर दिया। पथराव करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। पथराव में ये हुए घायल इस पथराव में प्रताप चौहान (20), गोविंद चौहान (18) और 10 वर्षीय मीनाक्षी मुवेल घायल हो गए। मीनाक्षी के सिर में चोट लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया। कार ड्राइवर ने क्या बताया? बारात की गाड़ी चला रहे कैलाश चौहान ने बताया कि विवाह शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ था, लेकिन वापसी के दौरान अचानक हुए पथराव से स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमला हुआ, जिससे बाराती दहशत में आ गए। केस दर्ज महू थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने रावली गांव में हुई इस घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
महू में पथराव से तीन बाराती घायल: बारात देरी आने पर जुर्माना लगाने पर झगड़ा, पुलिस की मौजूदगी में विदाई के दौरान हमला – Mhow News
RELATED ARTICLES

