Last Updated:
Marco Rubio India Visit LIVE: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो इन दिनों भारत के दौरे पर हैं. रविवार को एस. जयशंकर के साथ अहम मीटिंग दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी. भारत ने रूस से तेल आयात करने …और पढ़ें
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और एस. जयशंकर के बीच बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने पर चर्चा हुई. (फोटो: Reuters)
Marco Rubio India Visit LIVE: भारत और अमेरिका ने अपने रिश्तों में आई तल्खी को कम करने और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने का स्पष्ट संकेत दिया. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच हुई व्यापक वार्ता में व्यापार, वीजा, ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद, पश्चिम एशिया संकट और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति जैसे कई संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई. चार दिवसीय भारत यात्रा पर आए रुबियो ने भारत को अमेरिका का सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंधों की गति धीमी नहीं हुई है, बल्कि मौजूदा अमेरिकी प्रशासन के कार्यकाल के अंत तक यह साझेदारी और मजबूत होगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि व्यापारिक मतभेदों को लेकर पैदा हुई धारणा को भारत-अमेरिका संबंधों की कमजोरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखने को मिला था. अमेरिका द्वारा भारत पर पेनाल्टी लगाए जाने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान सैन्य तनाव को कम कराने में अपनी भूमिका को लेकर दिए गए बयानों ने नई दिल्ली में असहजता पैदा की थी. ऐसे माहौल में जयशंकर और रुबियो की यह मुलाकात रिश्तों में संतुलन बहाल करने की कोशिश मानी जा रही है. जयशंकर ने भारत की विदेश नीति की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए वैश्विक स्थिरता के लिए पांच सूत्रीय दृष्टिकोण पेश किया. उन्होंने कहा कि भारत संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थक है, समुद्री व्यापार की निर्बाध आवाजाही का पक्षधर है और अंतरराष्ट्रीय कानून के पूर्ण सम्मान की मांग करता है. जयशंकर ने वैश्विक संसाधनों और बाजार हिस्सेदारी को हथियार की तरह इस्तेमाल किए जाने का भी विरोध किया. उन्होंने कहा कि विश्व अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए भरोसेमंद साझेदारियों और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं की जरूरत है. इसे चीन और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के संदर्भ में महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है.
ऊर्जा सुरक्षा पर बात
जयशंकर ने अमेरिका के समक्ष यह चिंता रखी कि पश्चिम एशिया में अस्थिरता से भारत की ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत के लिए ऊर्जा स्रोतों का विविधीकरण बेहद जरूरी है और वैश्विक ऊर्जा बाजार को कृत्रिम रूप से बाधित नहीं किया जाना चाहिए. जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों की यह साझा जिम्मेदारी है कि समुद्री व्यापार सुरक्षित रहे और वैश्विक ऊर्जा कीमतें नियंत्रित रहें. उन्होंने विशेष रूप से Strait of Hormuz में निर्बाध समुद्री आवाजाही की आवश्यकता पर जोर दिया. विदेश मंत्री ने कहा कि भारत अमेरिका, इजरायल, ईरान और खाड़ी देशों सभी के साथ अच्छे संबंध रखता है और नई दिल्ली इन रिश्तों को “शून्य-राशि खेल” के रूप में नहीं देखती. उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना है, जबकि अपने रणनीतिक और आर्थिक हितों की रक्षा भी करना है. जयशंकर ने मल्टी-अलाइनमेंट की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत अमेरिका, रूस, यूरोप, यूक्रेन और दुनिया के कई अन्य देशों के साथ मजबूत संबंध बनाए हुए है. ऐसे में भारत का उद्देश्य सभी साझेदारियों को संतुलित ढंग से आगे बढ़ाना है.
Marco Rubio India Visit LIVE: मार्को रुबियो के आज का कार्यक्रम दिल्ली से बाहर, देख लें शेड्यूल
मार्को रुबियो भारत यात्रा लाइव: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का आज का शेड्यूल इस तरह है -:
सुबह 09:00 बजे: खेरिया एयरपोर्ट, आगरा आगमन. एयरपोर्ट से वह होटल अमर विलास के लिए रवाना होंगे.
सुबह 10:30 बजे: होटल अमर विलास से गोल्फ कार्ट (cart) द्वारा ताजमहल के लिए प्रस्थान.
सुबह 10:30 से दोपहर 12:00 बजे तक: ताजमहल का दीदार/भ्रमण.
दोपहर 12:30 बजे: ताजमहल से वापस होटल अमर विलास आगमन.
दोपहर 01:00 बजे: होटल अमर विलास से खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवानगी, जहां से वह जयपुर के लिए उड़ान भरेंगे.
दोपहर 03:00 बजे: आमेर किला (Amer Fort) का भ्रमण/दौरा.
Marco Rubio India Visit LIVE: क्वाड की बैठक में जुटेंगे चार देशों के विदेश मंत्री
मार्को रुबियो भारत यात्रा लाइव: नई दिल्ली में 26 मई 2026 को होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री Penny Wong, जापान के विदेश मंत्री Toshimitsu Motegi भी भारत दौरे पर आएंगे. विदेश मंत्री S. Jaishankar के निमंत्रण पर आयोजित इस बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. बैठक में क्वाड देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने, विभिन्न प्राथमिक क्षेत्रों में चल रही पहलों की प्रगति की समीक्षा करने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा. यह चर्चा 1 जुलाई 2025 को वॉशिंगटन डीसी में हुई पिछली क्वाड बैठक के बाद आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. क्वाड समूह ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ के साझा विजन को आगे बढ़ाने पर जोर देता रहा है. नई दिल्ली यात्रा के दौरान ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के विदेश मंत्री विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. इसके अलावा इन नेताओं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात होने की संभावना है.
Marco Rubio India Visit LIVE: कुछ ही देर में ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचेंगे मार्को रुबियो
मार्को रुबियो भारत यात्रा लाइव: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को ताजमहल का दौरा करेंगे. तीन दिन के भारत दौरे पर आए रुबियो सुबह 9:30 बजे विशेष विमान से खेरिया स्थित एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे. वहां से उनका काफिला सीधे ताजमहल जाएगा. सुबह 10:05 बजे वह ताजमहल परिसर में प्रवेश करेंगे और करीब एक घंटे तक स्मारक में रहेंगे. इसके बाद वह आगरा से जयपुर रवाना हो जाएंगे. रुबियो के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. ताजमहल के अंदर उनके लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू रहेगा. हालांकि, उनके भ्रमण के दौरान भी ताजमहल पर्यटकों के लिए खुला रहेगा. अमेरिकी अधिकारियों की ओर से ताजमहल को अस्थायी रूप से बंद रखने का सुझाव दिया गया था, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए इसे अस्वीकार कर दिया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ताजमहल केवल राष्ट्राध्यक्षों के दौरे के समय ही आम पर्यटकों के लिए बंद किया जाता है.
Marco Rubio India Visit LIVE: QUAD बैठक से पहले ऑस्ट्रेटलिया ने कही बड़ी बात
मार्को रुबियो भारत यात्रा लाइव: भारत दौरे पर रवाना होने से पहले ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री Penny Wong ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच क्वाड देशों की साझेदारी पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. उन्होंने कहा कि वह भारत में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक और 17वें ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों के फ्रेमवर्क संवाद में भाग लेंगी. पेनी वांग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र के शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध भविष्य को आकार देने के लिए काम कर रहे हैं. उनके अनुसार क्वाड के सदस्य समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, बुनियादी ढांचा विकास और आपदा राहत जैसे साझा हितों पर ठोस परिणाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात विदेश मंत्री S. Jaishankar से होगी, जहां दोनों देश व्यापार एवं निवेश, रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा परिवर्तन, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, शिक्षा तथा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे. ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के संबंधों के केंद्र में मजबूत सामाजिक और जनसंपर्क जुड़ाव है. उन्होंने भरोसा जताया कि अल्बनीज़ सरकार क्वाड जैसे मंचों के जरिए क्षेत्रीय साझेदारियों को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी.
Marco Rubio India Visit LIVE: मार्को रुबियो आज जाएंगे राजस्थान, आमेर महल का दौरा भी करेंगे
मार्को रुबियो भारत यात्रा लाइव: मार्को रुबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर जाएंगे. उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं. रुबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे आमेर महल और सिटी पैलेस का दौरा करेंगे. आमेर महल के जलेब चौक पर उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा और राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी उनकी अगवानी करेंगी. रुबियो हाथी गांव भी जाएंगे, जहां वे हाथियों के संरक्षण और देखरेख की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. उनके दौरे के चलते आमेर महल को दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा. अमेरिकी विदेश मंत्री जयपुर के रामबाग पैलेस में ठहरेंगे और मंगलवार सुबह दिल्ली लौटेंगे. सुरक्षा के मद्देनजर जयपुर पुलिस ने शहर के 24 थाना क्षेत्रों में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है. उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मई में अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD Vance भी जयपुर आए थे.

