धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम भोपावर स्थित शासकीय विद्यालय फिफरफलिया की भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि ग्राम भोपावर के सरपंच प्रतिनिधि मदन पिता मांगीलाल मखोड और समीपस्थ ग्राम बिछिया निवासी विजय पिता रमेश पाटीदार ने विद्यालय की बाउंड्री वॉल और खेल मैदान पर कब्जा कर लिया है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में शासकीय राशि से लगभग 1400 वर्ग फीट क्षेत्र में बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था। यह कार्य जनपद पंचायत से स्वीकृत था। आरोप है कि बाद में इसी बाउंड्री वॉल के बीचों-बीच एक और दीवार खड़ी कर परिसर को दो भागों में बांट दिया गया, जिससे विद्यालय की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह कार्य ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान किया गया, ताकि विद्यालय बंद होने के कारण किसी को इसकी जानकारी न मिल सके। हालांकि, आवश्यक कार्य से विद्यालय पहुंची प्रधान अध्यापिका संगीता परमार ने मौके पर नई दीवार देखी और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। बाउंड्री वॉल पर स्लोगन लिखवाने का भी आरोप
इतना ही नहीं, सरपंच प्रतिनिधि मदन मखोड पर यह भी आरोप है कि उन्होंने बाउंड्री वॉल पर अपने पिता की स्मृति में निर्माण करवाने संबंधी स्लोगन लिखवा दिया, जबकि यह निर्माण कार्य शासकीय राशि से हुआ था। इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रधान अध्यापिका संगीता परमार ने शुक्रवार को सरदारपुर एसडीएम सलोनी अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ जोशुआ पीटर और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सरपंच प्रतिनिधि मदन मखोड ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि आवेदन देना संबंधित पक्ष का अधिकार है और यदि वे गलत होंगे तो जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। उनके अनुसार, उनके खिलाफ झूठा आवेदन दिया गया है और जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
Source link
स्कूल की बाउंड्री तोड़ खेल मैदान पर कब्जे का आरोप: गर्मी की छुट्टियों में खड़ी कर दी दीवार, धार में सरपंच प्रतिनिधि की शिकायत – Dhar News
RELATED ARTICLES

