Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर इस समय अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर अनन्या पांडे और लक्ष्य स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘चांद मेरा दिल’ अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है. आयुष्मान खुराना की कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ और सूर्या की एक्शन-फैंटेसी फिल्म ‘करुप्पु’ लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही हैं.
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर हर हफ्ते नई फिल्मों की किस्मत का फैसला दर्शक करते हैं. कभी बड़े सितारों की मौजूदगी भी फिल्म को उम्मीद के मुताबिक उड़ान नहीं दे पाती, तो कभी मजबूत कंटेंट और सकारात्मक प्रतिक्रिया किसी फिल्म को लंबी रेस का घोड़ा बना देती है. इन दिनों भी सिनेमाघरों में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है. एक तरफ अनन्या पांडे और लक्ष्य की रोमांटिक फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ है, जो रिलीज के बाद से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है. वहीं, दूसरी ओर आयुष्मान खुराना की कॉमेडी एंटरटेनर और साउथ सुपरस्टार सूर्या की एक्शन-फैंटेसी फिल्म लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं. दिलचस्प बात यह है कि तीनों फिल्मों का जॉनर और दर्शक वर्ग अलग है, लेकिन बॉक्स ऑफिस की दौड़ में इनके प्रदर्शन की तुलना अब चर्चा का विषय बन चुकी है. ऐसे में नजरें इस बात पर हैं कि आखिर किस फिल्म ने बाजी मारी और कौन पीछे रह गई.

अनन्या पांडे और लक्ष्य प्रेमी जोड़े की भूमिका में हैं, जिनके रिश्ते को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, जिसका असर इसकी कमाई पर भी दिखाई दिया.

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे शुक्रवार यानी रिलीज के आठवें दिन भारत में 1.30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की कुल भारतीय कमाई 20.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. पहले दिन 3 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने वाली इस फिल्म ने पहले वीकेंड में कुछ रफ्तार पकड़ी थी. शनिवार को फिल्म ने 3.75 करोड़ और रविवार को 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. हालांकि, वीकडे शुरू होते ही कमाई में गिरावट देखने को मिली. आठ दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 27.55 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अनन्या पांडे की पिछली फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ ने आठ दिनों में 30 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन किया था. वहीं लक्ष्य की डेब्यू फिल्म ‘किल’ ने अच्छी समीक्षाएं मिलने के बावजूद इसी अवधि में लगभग 11.90 करोड़ रुपये कमाए थे. ऐसे में अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ‘चांद मेरा दिल’ दूसरे वीकेंड में कितनी मजबूती से वापसी कर पाती है.

दूसरी तरफ आयुष्मान खुराना की कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ लगातार स्थिर प्रदर्शन कर रही है. मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, वामिका गब्बी और सारा अली खान भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म ने रिलीज के 15वें दिन 1.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में इसकी कुल नेट कमाई 43.20 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 51.26 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 7.65 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जिससे इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 58.91 करोड़ रुपये हो गया है. माना जा रहा है कि फिल्म इस वीकेंड 60 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है.

वहीं, साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ बॉक्स ऑफिस पर सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है. तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी इस फैंटेसी-एक्शन फिल्म ने 15वें दिन भारत में 3.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की कुल भारतीय नेट कमाई 171.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.

भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 198.28 करोड़ रुपये है, जबकि ओवरसीज मार्केट से इसे 75.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 274.03 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और यह जल्द ही 275 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है.

