Last Updated:
भारतीय संगीत जगत में कुछ आवाजें ऐसी होती हैं जो कभी पुरानी नहीं पड़तीं. ऐसी ही एक जादुई आवाज थी मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम की. अपनी सुरीली गायकी और रिकॉर्डतोड़ उपलब्धियों के दम पर उन्होंने कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया. आज भी उनके गाए गीत लोगों की जुबान पर हैं.4 जून 1946 को मद्रास में जन्मे बालासुब्रमण्यम ने कई गाने अमर कर दिए.
गाए कई हिट गाने
नई दिल्ली. बचपन से ही संगीत का शौक होने के चलते एसपी बालासुब्रमण्यम ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ ही संगीत की तालीम लेना भी शुरू कर दिया था. उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ के अलावा मलयालम में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा है. 2020 में दिग्गज गायक का कोरोना के चलते निधन हो गया था. आज 4 जून को उनके जन्म दिवस के मौके पर हम आपको उनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें बताने जा रहे हैं.
एसपी बालासुब्रमण्यम की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने एक ही दिन में 21 गाने रिकॉर्ड करने का कारनामा कर दिखाया था. 8 फरवरी 1981 को बेंगलुरु में उन्होंने संगीतकार उपेंद्र कुमार के लिए यह रिकॉर्ड बनाया था. इसके अलावा उन्होंने एक दिन में 19 तमिल और 16 हिंदी गाने रिकॉर्ड कर अपनी अलग पहचान बनाई.
पिता चाहते थे इंजीनियर बनें बेटा
4 जून 1946 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में जन्मे बालासुब्रमण्यम का परिवार कला और संस्कृति से जुड़ा हुआ था. उनके पिता एस.पी. सांबामूर्ति हरिकथा कलाकार थे. वह चाहते थे कि उनका बेटा इंजीनियर बने. पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए बालासुब्रमण्यम ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू भी की, लेकिन टाइफाइड की वजह से पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी. इसके बाद उनका रुख संगीत की ओर हो गया और वह चेन्नई पहुंच गए.
जब MGR ने उनके लिए रोक दी रिकॉर्डिंग
साल 1969 में एक ऐसा किस्सा हुआ, जिसने बालासुब्रमण्यम की लोकप्रियता को साबित कर दिया. तमिल सिनेमा के दिग्गज एमजी रामचंद्रन ने अपनी फिल्म Adimai Penn के गीत ‘आयिरम निलावे वा’ की रिकॉर्डिंग करवाना चाहते थे.इसी दौरान बालासुब्रमण्यम की तबीयत खराब हो गई. हैरानी की बात यह थी कि एमजीआर ने किसी दूसरे गायक से गाना रिकॉर्ड कराने के बजाय करीब एक महीने तक इंतजार किया. जैसे ही बालासुब्रमण्यम स्वस्थ हुए, उन्होंने यह गीत रिकॉर्ड किया और बाद में यह गाना बेहद लोकप्रिय साबित हुआ.
बता दें कि साल 1981 में फिल्म एक दूजे के लिए के जरिए उन्होंने हिंदी फिल्मों में कदम रखा. फिल्म का मशहूर गीत ‘तेरे मेरे बीच में’ लोगों के दिलों में बस गया और इस गाने के लिए उन्हें एक और राष्ट्रीय पुरस्कार मिला.90 के दशक में एसपी बालासुब्रमण्यम बॉलीवुड में भी बेहद लोकप्रिय हो गए. खासकर सलमान खान की फिल्मों में उनकी आवाज को खूब पसंद किया गया. वह तो सलमान खान की आवाज बन गए थे. उन्होंने मैंने प्यार किया का गाना ‘दिल दीवाना’ हो या हम आपके हैं कौन का ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’, उनके गाए गीत आज भी लोगों की पसंदीदा प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं.
About the Author
.jpeg?impolicy=website&width=52&height=52)
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…और पढ़ें

