Last Updated:
India Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 29 मई, 2026 को खत्म हुए हफ्ते में 93.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 682.32 अरब डॉलर पहुंच गया. इस दौरान फॉरेन करेंसी एसेट्स बढ़कर 546.15 अरब डॉलर हो गईं, जबकि गोल्ड रिजर्व घटकर 112.6 अरब डॉलर रह गया.
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में आया उछाल (फोटो- एआई)
India Forex Reserves: भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक अच्छी खबर आई है. देश का विदेशी मुद्रा भंडार यानी फॉरेक्स रिजर्व बढ़ गया है और अब यह 682.32 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को जारी अपने ताजा आंकड़ों में बताया कि 29 मई, 2026 को खत्म हुए हफ्ते में फॉरेक्स रिजर्व में 93.8 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
इसके एक हफ्ते पहले यह भंडार 7.51 अरब डॉलर घटकर 681.38 अरब डॉलर रह गया था. इस साल 27 फरवरी को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के अपने ऑल टाईम हाई पर पहुंच गया था. लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और डॉलर के मुकाबले रुपये के दबाव में आने से इस भंडार में कई हफ्ते तक गिरावट दर्ज की गई.
3.12 अरब डॉलर बढ़ी एफसीए
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 29 मई को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का महत्वपूर्ण हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स (FCA) 3.12 अरब डॉलर बढ़कर 546.15 अरब डॉलर हो गईं. डॉलर में बताई जाने वाली एफसीए में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी फॉरेन करेंसी के मूल्य में बढ़ोतरी या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है.
गोल्ड रिजर्व में गिरावट
आंकड़ों के अनुसार, रिपोर्टिंग वीक में गोल्ड रिजर्व 2.18 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 112.6 अरब डॉलर रह गया. इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ (IMF) में देश का स्पेशल ड्राइंग राइट (SDR) 18.75 अरब डॉलर पर ज्यों का त्यों रहा. इस हफ्ते में इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ (IMF) में भारत का आरक्षित भंडार 80 लाख डॉलर बढ़कर 4.82 अरब डॉलर हो गया.
विदेशी मुद्रा भंडार के फायदे
बता दें कि विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश की आर्थिक ताकत और स्थिरता का अहम पैमाना होता है. यह एक तरह का आर्थिक सुरक्षा कवच है. यह देश की अंतरराष्ट्रीय साख बढ़ाता है.
- आयात के भुगतान में मदद
- रुपये की कीमत स्थिर रखना
- आर्थिक संकट से सुरक्षा कवच
- विदेशी कर्ज चुकाने की क्षमता
- विदेशी निवेशकों का भरोसा
- आपातकाल में सहारा
About the Author

वर्तमान में विनय कुमार झा नेटवर्क18 की वेबसाइट hindi.news18.com में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह मई 2017 से इस वेबसाइट के साथ जुड़े हैं. वह बीते 5 सालों से वर्तमान में वेबसाइट के बिजनेस सेक्शन के …और पढ़ें

