Last Updated:
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया उन सितारों में शामिल हैं जिन्होंने बहुत कम उम्र में स्टारडम हासिल कर लिया था. 8 जून 1957 को एक गुजराती परिवार में जन्मीं डिंपल का फिल्मी सफर जितना शानदार रहा, उनकी निजी जिंदगी भी उतनी ही चर्चा में रही.आज वह अपना 69वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं.
नई दिल्ली. डिंपल कपाड़िया ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं. सुपरस्टार राजेश खन्ना की पत्नी बनने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी. लेकिन फिर भी उन्होंने वक्त रहते एक्टिंग की दुनिया में वापसी की और तहलका मचा दिया. 70 के दशक में जब हेमा मालिनी, रेखा और मुमताज छाई हुई थी, उस वक्त डिंपल ने डेब्यू करते ही सभी के पसीने छुड़ा दिए थे.

डिंपल कपाड़िया को सिर्फ 16 साल की उम्र में राज कपूर की फिल्म ‘बॉबी’ में लीड रोल मिला था. साल 1973 में रिलीज हुई इस फिल्म ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. उनकी मासूमियत, खूबसूरती और अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया. पहली ही फिल्म से उन्हें जबरदस्त सफलता मिली, जिसके लिए कई एक्ट्रेस सालों तक एडिया घिसती रहती हैं.

राज कपूर की ‘बॉबी’ की रिलीज से पहले ही डिंपल ने हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना से शादी कर ली थी. शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार को समय देने का फैसला किया. उस वक्त वह करियर के सबसे सुनहरे दौर में थीं, लेकिन उन्होंने स्टारडम से ज्यादा अपने वैवाहिक जीवन को अहमियत दी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की शादी उस दौर की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी. दोनों की उम्र में काफी अंतर था, लेकिन इसके बावजूद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा. शादी के बाद उनकी दो बेटियां हुईं, ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना. वक्त के साथ दोनों के रिश्ते में दूरियां आने लगीं और बाद में वे अलग रहने लगे. हालांकि, उन्होंने कभी आधिकारिक तौर पर तलाक नहीं लिया.

निजी जिंदगी में उतार-चढ़ाव देखने के बाद डिंपल ने एक बार फिर फिल्मों में वापसी करने का फैसला किया. साल 1985 में रिलीज हुई ‘सागर’ उनकी कमबैक फिल्म बनी. इस फिल्म में उनके साथ ऋषि कपूर और कमल हासन नजर आए थे. फिल्म को काफी पसंद किया गया.डिंपल की दूसरी पारी भी सफल साबित हुई.

इसके बाद उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया. ‘राम लखन’, ‘खलनायक’, ‘क्रांतिवीर’, ‘गर्दिश’, ‘अर्जुन’, ‘दिल आशना है’ और ‘एतबार’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया. साल 1993 में आई फिल्म ‘रुदाली’ उनके करियर का अहम पड़ाव साबित हुई. इस फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला.

समय के साथ डिंपल ने खुद को सिर्फ लीड हीरोइन तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने चरित्र भूमिकाओं में भी अपनी अलग पहचान बनाई. ‘लक बाय चांस’, ‘दबंग’, ‘पटियाला हाउस’ और ‘कॉकटेल’ जैसी फिल्मों में उन्होंने साबित कर दिया कि बेहतरीन एक्टिंग की कोई उम्र नहीं होती.

आज भी डिंपल कपाड़िया हिंदी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं जिन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम बनाया और हर दौर में दर्शकों का प्यार हासिल किया. ओटीटी पर भी उन्होंने अपना एक्टिंग हुनर आजमाया. आज भी वह मेकर्स की पहली पसंद बनी हुई हैं.

